विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अनंत स‍िंह की बेटी से पहले चर्चा में रही लालू परिवार की शाही शादी, 125 नेताओं को मिला था इनकम टैक्स का नोटिस

Published: Tue, 10 Nov 2026 10:12 AM (IST)

बिहार में लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती की 1999 की शाही शादी चर्चा में है, जिसमें हजारों मेहमान और वीआईपी शामिल हुए थे।

1999 में मीसा भारती और दामाद के साथ लालू प्रसाद और राबड़ी देवी। सौ-इंटरनेट मीड‍िया

1999 में मीसा भारती और दामाद के साथ लालू प्रसाद और राबड़ी देवी। सौ-इंटरनेट मीड‍िया

HighLights

  1. मीसा भारती की 1999 में हुई भव्य शाही शादी।

  2. लालू परिवार को शादी खर्च पर आयकर नोटिस।

  3. 125 नेताओं से उपहारों पर जवाब मांगा गया।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में इन दिनों मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी चर्चा के केंद्र में है। शादी में चार लाख मेहमानों के शामिल होने की चर्चा है।

प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री से लेकर बॉलीवुड की नामचीन हस्तियों तक को न्योता भेजे जाने की बात सामने आ रही है। लेकिन बिहार की राजनीति में शाही शादियों का किस्सा नया नहीं है।

करीब 27 साल पहले भी एक ऐसी ही शादी हुई थी, जिसकी भव्यता की चर्चा देशभर में हुई थी। खास बात यह रही कि शादी की चमक-दमक के बीच आयकर विभाग की एंट्री हो गई और मामला सीधे 125 नेताओं तक पहुंच गया।

यह शादी थी बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की बड़ी बेटी डॉ. मीसा भारती की। 10 दिसंबर 1999 को पटना के मुख्यमंत्री आवास, 1 अणे मार्ग में हुई इस शादी में मेहमानों की भीड़ उमड़ी थी।

सजावट से लेकर मेहमानों की सूची और महंगे उपहारों तक ने खूब सुर्खियां बटोरीं। इसके बाद आयकर विभाग ने कथित तौर पर उपहार देने वाले 125 नेताओं को नोटिस भेजकर उनसे जवाब मांगा। 

Misa 1

मुख्यमंत्री आवास में तीन बंगलों को जोड़कर बनाया गया था पंडाल

मीसा भारती की शादी कंप्यूटर इंजीनियर शैलेश कुमार के साथ हुई थी। विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए मुख्यमंत्री आवास में व्यापक तैयारियां की गई थीं।

आयोजन के लिए आसपास के तीन बंगलों को भी समारोह स्थल से जोड़ दिया गया था। विशाल पंडाल और भव्य मंच तैयार किया गया था। सजावट के लिए कोलकाता से फूल मंगवाए गए थे।

शुरुआत में शादी के लिए करीब 10 हजार लोगों को निमंत्रण भेजे जाने की चर्चा थी, लेकिन समारोह में मेहमानों की संख्या बढ़कर लगभग 30 हजार तक पहुंचने की बात सामने आई थी।  

Misa 3

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और फिल्मी सितारों तक पहुंचा था न्योता

शादी के निमंत्रण को लेकर भी खूब चर्चा हुई थी। मीडिया रिपोर्टों में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और देश की जानी-मानी हस्तियों को न्योता भेजे जाने की खबरें प्रकाशित हुई थीं।

फिल्म जगत से अभिनेता दिलीप कुमार, अभिनेत्री सायरा बानो, शबाना आजमी और फिल्म निर्देशक महेश भट्ट जैसी हस्तियों के नाम भी चर्चा में आए थे।

राजनीतिक रसूख और फिल्मी दुनिया की हस्तियों को भेजे गए निमंत्रण के कारण इस शादी पर देशभर की नजरें थीं।समारोह में उमड़ी भीड़ और महंगे उपहारों की खबरें लगातार सुर्खियां बन रही थीं।

शादी के बाद आयकर विभाग ने मांगी थी जानकारी 

शादी की चर्चा के बीच 15 दिसंबर 1999 को आयकर विभाग ने लालू प्रसाद यादव के परिवार को नोटिस भेजा। विभाग ने शादी में हुए खर्च और उसके स्रोत का ब्योरा मांगा। 

मामला तब और चर्चा में आ गया, जब लालू प्रसाद यादव की ओर से शादी में मिले महंगे उपहारों को लेकर यह पक्ष रखा गया कि ये राजनीतिक सहयोगियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्य मेहमानों की ओर से दिए गए थे।

इसके बाद आयकर विभाग ने कथित तौर पर उपहार देने वाले कुछ नेताओं को नोटिस भेजकर उनसे जवाब मांगा। उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने वास्तव में लालू परिवार को ये उपहार दिए थे।

इस तरह एक शादी में मिले उपहारों का मामला केवल परिवार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी इसकी खूब चर्चा होने लगी।

लालू-राबड़ी ने बताया था आठ लाख रुपये खर्च का हिसाब

आयकर विभाग की पूछताछ के दौरान लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने शादी पर हुए खर्च का ब्योरा दिया था। उनके मुताबिक, पूरे समारोह में करीब आठ लाख रुपये खर्च हुए थे।  

यह मामला करीब चार साल तक चला। वर्ष 2003 में आयकर विभाग ने लालू यादव और राबड़ी देवी की ओर से दिए गए खर्च के ब्योरे को स्वीकार कर लिया।

इसके साथ ही शादी में अधिक खर्च और कथित बेहिसाब रकम को लेकर उठे सवालों पर लालू परिवार को राहत मिल गई।

मीसा भारती की शादी उस दौर में बिहार की सबसे चर्चित राजनीतिक शादियों में गिनी गई। मुख्यमंत्री आवास में भव्य आयोजन, हजारों मेहमान, फिल्मी हस्तियों को निमंत्रण और महंगे उपहारों की चर्चा ने इसे खास बना दिया था। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।