नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की
नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की
नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की
जागरण संवाददाता, पटना : राजधानी में मठ-मंदिरों में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी काफी श्रद्धा व उत्साह से मनाई गई। शहर की आध्यात्मिक सत्संग समिति के तत्वावधान लवकुश टावर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई। यहां पर नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की जय-जयकार होती रही। कार्यक्रम में राजधानी के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं ने काफी उत्साह से भाग लिया। समारोह में आए अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत समिति के अध्यक्ष कमल नोपानी ने किया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल को काफी सुन्दर तरीके से सजाया गया था। यहां पर देर रात तक भजन-कीर्तन जारी रहा। मौके पर विष्णु कुमार सुरेका, नीलम केजरीवाल, अंजु मौतिन, विनोद डाबरीवाल, सोहन गुप्ता, प्रकाश नथानी एवं सुन्दर हिसारिया सहित कई लोगों ने भाग लिया। राजधानी सिया बिहारी कुंज ठाकुरबाड़ी में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह में काफी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। यहां पर मुख्य पूजा ठाकुरबाड़ी के महंत पंडित नागेन्द्र दास ने कराई। मौके पर मंदिर के पुजारी मणिकांत दूबे सहित कई भक्तों ने भाग लिया। शहर के गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव काफी उत्साह से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष डा.रणवीर नंदन सहित कई लोगों ने भाग लेकर पूजा-पाठ किया। यहां पर मुख्य पुजारी सत्यप्रकाश पांडेय ने पूजा कराया।