Voter Adhikar Yatra: राहुल गांधी को 'जननायक' कहने पर भड़के BJP सांसद, कहा- ये कर्पूरी ठाकुर का अपमान
राज्यसभा सांसद डॉ. भीम सिंह ने राहुल गांधी पर कर्पूरी ठाकुर का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा स्वयं को जननायक कहने पर आपत्ति जताई और माफी की मांग की। जदयू नेता अशोक चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी को बिहार की अच्छी सड़कों के लिए नीतीश कुमार को धन्यवाद देना चाहिए जिनके कारण उनकी यात्रा संभव हो पा रही है।

राज्य ब्यूरो, पटना। राज्यसभा सदस्य डॉ भीम सिंह ने राहुल गांधी पर भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर का अपमान करने का आरोप लगाते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष से माफी मांगने की मांग की है।
डॉ भीम सिंह ने रविवार को जारी बयान में कहा है कि राहुल गांधी स्वयं को जननायक कह और कहलवा रहे हैं, जो निंदनीय है। भारत के लोग और खासकर बिहार की जनता कर्पूरी ठाकुर को वर्षो से जननायक से विभूषित करती और कहती आ रहीं है।
ऐसे में राहुल गांधी द्वारा स्वयं के लिए जननायक का विशेषण लगाना गलत ही नहीं निंदनीय भी है। ऐसी तुच्छ हरकत कोई ''अपरिपक्व व्यक्ति'' ही कर सकता है। बिहार के लोगों की नजर में जननायक सिर्फ एक ही व्यक्ति हैं और वह हैं - भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर।
डॉ भीम सिंह ने कहा कि ऐसी ओछी हरकत से बिहार की जनता आहत है। राहुल गांधी को बिहार से माफी मांगना चाहिए अन्यथा उन्हें आगामी चुनावों में खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
अच्छी सड़कों के लिए धन्यवाद दें राहुल गांधी: अशोक चौधरी
ग्रामीण कार्य मंत्री एवं जदयू के वरिष्ठ नेता डॉ अशोक चौधरी ने कहा है कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को चाहिए कि अच्छी सड़कों के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद दें, क्योंकि इन्हीं सड़कों के कारण राहुल गांधी की बिहार में यात्रा संभव हो पा रही है।
उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के शासनकाल में बनी सड़कों पर राहुल गांधी यात्रा नहीं कर सकते थे। यह नीतीश कुमार की उपलब्धि है कि राज्य की सड़कें यात्रा को आसान बना रही हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।