विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घूस मांगने का ऑडियो वायरल होने पर बौखलाया, पैसे लौटाने के बहाने थाने बुलाकर पीटा; मोकामा ASI पर गंभीर आरोप 

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:06 PM (IST)

पटना के मोकामा थाने में पदस्थापित एक एएसआई पर रिश्वत मांगने और ऑडियो वायरल होने के बाद युवक को बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। वरीय अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए 24 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

एआई से बनाई गई तस्वीर

एआई से बनाई गई तस्वीर

HighLights

  1. एएसआई पर रिश्वत लेने और युवक को पीटने का आरोप।

  2. रिश्वत का ऑडियो वायरल होने के बाद हुई मारपीट की घटना।

  3. वरीय अधिकारियों ने 24 घंटे में जांच रिपोर्ट मांगी है।

संवाद सूत्र, मोकामा। पटना जिले के मोकामा थाने में पदस्थापित एक एएसआइ पर रिश्वत के लेन-देन का कथित ऑडियो प्रसारित होने के बाद युवक को कमरे में बंद कर बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है।

आरोप है कि एएसआइ ने रिश्वत की रकम वापस करने के बहाने युवक को अपने आवास पर बुलाया और फिर कमरे में बंद कर लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। किसी तरह युवक पुलिस अधिकारी के चंगुल से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

घटना की मौखिक सूचना उसने घोसवरी थाने को दी है। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वरीय अधिकारियों ने 24 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

धारा हटना के लिए 25 हजार की रिश्वत

मामले में कथित रूप से प्रसारित ऑडियो में पीड़ित युवक रणवीर यादव और एएसआइ मनोज कुमार पासवान की आवाज होने की बात कही जा रही है।

एक मिनट 26 सेकेंड के इस ऑडियो में मोकामा थाने में 19 नवंबर को दर्ज एक प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 308 लगाए जाने को लेकर दोनों के बीच बातचीत और विवाद सुनाई दे रहा है। युवक धारा लगाने पर नाराजगी जताते हुए कथित तौर पर दिए गए 25 हजार रुपये वापस मांग रहा है।

वहीं, ऑडियो में एएसआइ रिश्वत लेने के आरोप से इन्कार करते नहीं सुनाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान रकम वापस मांगने पर युवक को जेल भेजने की धमकी देने की बात भी सामने आई है। हालांकि, दैनिक जागरण वायरल ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

रविवार को ऑडियो प्रसारित होने के बाद एएसआइ मनोज कुमार पासवान ने घोसवरी थाना क्षेत्र के गोसाईं गांव निवासी रणवीर यादव को रुपये लौटाने के बहाने अपने आवास पर बुलाया।

आरोप है कि वहां पहुंचते ही उसे कमरे में बंद कर दिया गया और जमकर पिटाई की गई। रणवीर ने बताया कि किसी तरह एएसआई की पकड़ से छूटकर वह कमरे से बाहर निकला और अपनी जान बचाकर भागा।

जांच के आदेश 

इधर, मामले पर बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्णा ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार को पूरे मामले की जांच कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।

प्रसारित ऑडियो की सत्यता की भी जांच कराई जाएगी। मामले की जानकारी पटना के ग्रामीण एसपी कोमल मीणा को भी दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर एएसआई के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

घोसवरी थानाध्यक्ष दीपक कुमार मणि ने बताया कि रणवीर यादव ने रविवार सुबह फोन पर बंद कमरे में पिटाई किए जाने की मौखिक सूचना दी थी।

उसे लिखित शिकायत देने को कहा गया है। हालांकि, रविवार शाम तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था। आवेदन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- अब व्हाट्सएप पर मिलेगी सोनपुर मेले की हर जानकारी, एआई सहायक ‘सोनपुर मेला मित्र’ करेगा मदद

यह भी पढ़ें- 'परिसीमन के बाद पत्नी बनेगी MLA, मैं लडूंगा लोकसभा चुनाव'; पटना में मनेर विधायक भाई वीरेंद्र का बड़ा एलान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।