मोदी मित्र डिजिटल योद्धा अभियान... विधानसभा वार दस-दस हजार डिजिटल योद्धाओं को उतारेगी भाजपा
बिहार भाजपा ने मोदी मित्र डिजिटल योद्धा अभियान शुरू किया है। इसका लक्ष्य हर विधानसभा क्षेत्र से 10000 डिजिटल योद्धा तैयार करना है जो मोदी सरकार और बिहार एनडीए सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाएंगे। अमित मालवीय ने 25 लाख डिजिटल मित्र बनाने का लक्ष्य रखा है जिसके लिए एक मिस्ड कॉल नंबर भी जारी किया गया है।

राज्य ब्यूरो, पटना। विधानसभा चुनाव को देखते हुए बिहार में भाजपा ने अपने विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शनिवार को डिजिटल राजनीति का शुभारंभ कर दिया है। पटना के रविन्द्र भवन में सोशल मीडिया प्रकोष्ठ एवं आईटी विंग द्वारा ‘मोदी मित्र डिजिटल योद्धा अभियान’ का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य हर विधानसभा क्षेत्र से दस हजार डिजिटल योद्धाओं को तैयार कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बिहार की एनडीए सरकार की उपलब्धियों को हर घर तक पहुंचाना है।
शुभारंभ अभियान को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि मोदी मित्र अभियान जनता के साथ भाजपा के रिश्ते को और मजबूत करेगा। यह केवल चुनावी रणनीति नहीं बल्कि जन-जागरण का सबसे बड़ा डिजिटल माध्यम है।
एनडीए सरकार की योजनाओं एवं प्रधानमंत्री मोदी के विजन को जनता तक पहुंचाना ही इस अभियान का लक्ष्य है। वहीं, संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया ने कहा कि भाजपा संगठन जनता की आकांक्षाओं को समझता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन का बड़ा आंदोलन है। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी उपस्थित थे।
युवा शक्ति को जोड़ने का सबसे बड़ा अभियान : विजय सिन्हा
उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने एनडीए सरकार के कार्यकाल में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक उलब्धियां प्राप्त हुई हैं। गांव-गांव तक सड़कें बनीं, हर घर बिजली पहुंची और अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ‘मोदी मित्र’ जैसे अभियानों के माध्यम से लोकतंत्र को और मजबूत किया जाएगा। यह अभियान युवा शक्ति को जोड़ने और बिहार के हर मतदाता तक सटीक जानकारी पहुंचाने का सबसे बड़ा माध्यम बनेगा।
25 लाख डिजिटल मित्र बनाने का लक्ष्य
भाजपा आइटी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने अभियान की तकनीकी रूपरेखा बताई। कहा कि भाजपा का आइटी विंग अब बिहार में गांव तक सक्रिय होगा। हर विधानसभा से दस हजार मोदी मित्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने मंच से मिस्ड काल नंबर 9582157157 की घोषणा की। कहा कि इस नंबर पर काल करके हर कोई मोदी मित्र बन सकता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को 25 लाख डिजिटल मित्र बनाने का टास्क दिया।
बिहार सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग के संयोजक अनमोल शोभित ने बताया कि नंबर लांच होने के एक घंटे के अंदर 10 हजार से अधिक लोग जुड़ चुके हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए डिजिटल योद्धाओं ने शपथ ली कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं बिहार की एनडीए सरकार की उपलब्धियों को हर व्यक्ति तक पहुंचाएंगे। कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न जिलों से आए हजारों डिजिटल योद्धा सम्मिलित हुए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।