Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में जल्द शुरू होंगे अंचलों के माडर्न रिकार्ड रूम, 467 के भवन बन कर तैयार, जानिए क्‍या मिलेगा लाभ

    बिहार के अंचलों में आधुनिक लेखागार जल्‍द काम करने लगेंगे। राज्‍य के सभी 534 अंचलों में इसका निर्माण होगा। तत्‍काल 467 में भवन बनकर तैयार भी हो गया है। 14 जिलों में इसका काम शतप्रतिशत पूर्ण हो गया है।

    By Vyas ChandraEdited By: Updated: Sat, 18 Jun 2022 12:47 PM (IST)
    Hero Image
    बिहार के अंचलों में जल्‍द काम करने लगेंगे मार्डन रिकार्ड रूम। सांकेतिक तस्‍वीर

    पटना, राज्य ब्यूरो। अंचलों के आधुनिक अभिलेखागार (माडर्न रिकार्ड रूम) जल्द काम करने लगेंगे। सभी 534 अंचलों में इसे स्थापित करने की योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा ने अभिलेखागार के लिए तुरंत उपकरणों की खरीद का आदेश दिया है। उन्होंने उन अंचलों से सामान खरीद के लिए दी गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र भी मांगा है, जहां खरीद हो चुकी है। यह उपयोगिता प्रमाण पत्र सर्वे निदेशालय में जमा होगा। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    350 अंचलों के लिए उपकरणों की हुई खरीद 

    अंचल मुख्यालय पर डाटा केंद्र सह आधुनिक अभिलेखागार (Modern Record Room) का निर्माण डिजिटल इंडिया भू अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम के तहत हो रहा है। इस पर होने वाले खर्च की 90 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार देती है। इस कार्यक्रम के तहत राज्य के 534 में से 467 अंचलों में भवन का निर्माण हो चुका है। इनमें से करीब 350 अंचलों के लिए उपकरणों की खरीद हो चुकी है। उपकरण स्थापित भी कर दिए गए हैं। बाकी अभिलेखागार के लिए उपकरण मद में राशि दी जा चुकी है। 

    14 जिलों में शत प्रतिशत निर्माण पूर्ण

    केंद्रीय भू संसाधन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के 38 में से 14 जिलों में माडर्न रिकार्ड रूम का शत प्रतिशत निर्माण हो चुका है। इनमें शामिल जिले अररिया, बांका, भोजपुर, जमुई, जहानाबाद, भागलपुर, किशनगंज, लखीसराय, मुजफ्फरपुर, नालंदा, पश्चिम चंपारण, पूर्णिया, सीतामढ़ी एवं वैशाली हैं।

    क्या लाभ होगा माडर्न रिकार्ड रूम से 

    माडर्न रिकार्ड रूम से रैयतों को जमीन से जुड़ी 26 तरह की सेवाएं दी जाएंगी। साधारण शुल्क जमा कर रैयत किसी भी दस्तावेज की कापी ले सकते हैं। इनमें रजिस्टर टू और खतियान की कापी महत्वपूर्ण है। महत्वपूर्ण वादों के फैसले की प्रति भी यहां उपलब्ध रहेगी। हरेक रिकार्ड रूम में आपरेटरों की तैनाती हो रही है। उपकरण नाम पर चार कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर आदि लगाए जा रहे हैं। पूरे काम पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी लगाया जा रहा है। 

    •  उपकरणों की खरीद का उपयोगिता प्रमाण पत्र मांगा