बिहार के मंत्री अशोक चौधरी का इस्तीफा मंजूर, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय की सिंडिकेट बैठक में कई फैसले
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के सिंडिकेट ने मंत्री डॉ. अशोक कुमार चौधरी का सहायक प्राध्यापक पद से त्यागपत्र उनके योगदान की तिथि से ही स्वीकार कर लिया है।

मंत्री अशोक चौधरी। X@AshokChoudhaary
HighLights
मंत्री डॉ. अशोक चौधरी का इस्तीफा योगदान तिथि से स्वीकृत।
व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की फीस में एकरूपता लाने का निर्णय।
वित्तीय अनियमितता पर प्राचार्यों के खिलाफ कार्रवाई तय।
जागरण संवाददाता, पटना। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अशोक कुमार चौधरी का त्यागपत्र सिंडिकेट ने उनके योगदान की तिथि से ही स्वीकृत कर लिया है।
शनिवार को कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में हुई सिंडिकेट की बैठक में उनके त्यागपत्र को स्वीकार किए जाने के पूर्व के निर्णय का अनुमोदन किया गया।
बिहार सरकार में मंत्री डॉ. अशोक कुमार चौधरी विश्वविद्यालय सेवा आयोग से चयनित हुए थे। 17 फरवरी को एएन कॉलेज , पटना में योगदान करने के दिन ही उन्होंने त्यागपत्र दे दिया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सिंडिकेट की स्वीकृति की प्रत्याशा में उनका इस्तीफा पहले ही स्वीकार कर लिया था। इस संबंध में कुलसचिव की ओर से अधिसूचना भी जारी की गई थी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार डॉ. अशोक चौधरी सहायक प्राध्यापक के तौर योगदान की तिथि को राज्य सरकार में मंत्री और बिहार विधान परिषद् के सदस्य थे।
उन्होंने योगदान के साथ ही लियन के लिए आवेदन दिया था, जिसे पहले स्वीकृति मिली और लोकभवन से आपत्ति प्राप्त होने पर उसे स्थगित किया गया।
बैठक में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक, वित्तीय और शैक्षणिक मामलों पर चर्चा के साथ कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। वित्तीय अनियमितता के मामलों में संबंधित प्राचार्यों के विरुद्ध कार्रवाई का भी निर्णय लिया गया।
व्यावसायिक और बीएड पाठ्यक्रमों की फीस में होगी एकरूपता
सिंडिकेट ने संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित स्ववित्तपोषित, व्यावसायिक और बीएड पाठ्यक्रमों की फीस में एकरूपता लाने पर जोर दिया। सदस्यों ने एक ही तरह के पाठ्यक्रमों के लिए अलग-अलग कॉलेजों में अलग शुल्क निर्धारित होने पर चिंता जताई।
अंगीभूत कॉलेजों की तर्ज पर इन पाठ्यक्रमों से विश्वविद्यालय को 20 प्रतिशत शुल्क देने के प्रस्ताव पर भी विचार हुआ। शुल्क निर्धारण में पारदर्शिता और एकरूपता के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने पर सहमति बनी।
वहीं, निर्धारित सेवा अवधि पूरी कर चुके शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों की सेवा संपुष्टि के लंबित मामलों को भी मंजूरी दी गई।
रूसा की राशि में गड़बड़ी पर प्राचार्य को पद से हटाया
बैठक में नालंदा कॉलेज , बिहारशरीफ के तत्कालीन प्राचार्य और वर्तमान में राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कतरीसराय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. रामकृष्ण ब्रह्मर्षि के विरुद्ध रूसा की राशि से कंप्यूटर, पुस्तक और खेल सामग्री की खरीद में वित्तीय अनियमितता के आरोप पर चर्चा हुई।
सिंडिकेट ने उनके विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए तत्काल प्रभाव से प्रभारी प्राचार्य के पद से हटाने का निर्णय लिया। साथ ही सरकारी धन को हुई वास्तविक क्षति का आकलन कर रिपोर्ट देने को कहा गया, ताकि राशि की वसूली सहित आगे की कार्रवाई की जा सके।
वहीं, जयप्रकाश महिला कॉलेज, छपरा की तत्कालीन प्राचार्या और वर्तमान में जगत नारायण लाल महाविद्यालय, खगौल की प्राचार्या डॉ. मधु प्रभा सिंह के विरुद्ध भी रूसा के तीन करोड़ रुपये के व्यय में अनियमितता के आरोप पर विचार हुआ।
पांच सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर उनसे स्पष्टीकरण मांगने और उनका पक्ष जानने के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में नालंदा कॉलेज के दिनचर्या लिपिक मुकेश रंजन के स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति आवेदन पर भी विचार हुआ। इससे पहले कुलपति ने नवनिर्वाचित विधान पार्षद एवं सिंडिकेट सदस्य नीरज कुमार को शाल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
बैठक में कुलसचिव प्रो. अबू बकर रिजवी, विधान परिषद सदस्य प्रो. राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह, प्रतिभा सिंह, प्रो. रेखा कुमारी, प्रो. इम्तेयाज हसन, प्रो. कृष्णनंदन प्रसाद, प्राक्टर प्रो. कीर्ति, डीएसडब्ल्यू प्रो. राजीव रंजन, डॉ. शोला चन्द्रा और वित्त पदाधिकारी सुबोध कुमार वर्मा और सीसीडीसी प्रो. शिव कुमार यादव मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।