एसकेएमसीएच में ऑपरेशन के नाम पर डॉक्टर ने की 10 हजार की वसूली, मरीज के पोते ने सौंपे सबूत
मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच अस्पताल में एक डॉक्टर पर जल्दी ऑपरेशन के नाम पर 10,000 रुपये वसूलने का आरोप लगा है। पीड़ित मरीज के पोते ने अधीक्षक से शिकायत कर डिजिटल साक्ष्य सौंपे हैं।

एसकेएमसीएच के हड्डी विभाग में भर्ती महिला रामललित देवी। जागरण
HighLights
एसकेएमसीएच डॉक्टर पर 10 हजार रुपये वसूली का आरोप।
जल्दी ऑपरेशन के लिए वृद्ध महिला से मांगे गए पैसे।
पीड़ित के पोते ने अधीक्षक को डिजिटल साक्ष्य सौंपे।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (एसकेएमसीएच) में इलाज के नाम पर वसूली भी चल रही है। अस्पताल के हड्डी रोग विभाग के डा.राजकुमार पर जल्दी आपरेशन करने के एवज में 10 हजार रुपये लेने का आरोप लगा है।
पीड़ित मरीज के पोते अमन कुमार ने एसकेएमसीएच अधीक्षक से शिकायत कर लेनदेन के डिजिटल साक्ष्य भी सौंपे हैं। पीड़ित मरीज कांटी थाने के जमुन मठिया गांव की 75 वर्षीया रामललित देवी है।
कूल्हा टूटने की समस्या को लेकर एसकेएमसीएच में भर्ती हैं। उनका इलाज डा.अरुण कुमार की यूनिट में चल रहा है। वह वार्ड संख्या तीन के बेड संख्या 15 पर इलाजरत हैं।
अमन कुमार का आरोप है कि उनकी दादी के आपरेशन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के नाम पर बीते पांच नवंबर को डा.राजकुमार ने 10 हजार रुपये की मांग की थी। दादी के हालत को देखते हुए मजबूरन रुपये देने पड़े।
रुपये देने के बाद भी आपरेशन के लिए डेट पर डेट मिलने लगी तो डा.राजकुमार से बातचीत की। उन्होंने सीनियर की मदद से आपरेशन जल्द कराने को कहा।
हालांकि अधिक समय बीतता देख जब रुपये वापस करने को कहा तो चिकित्सक भड़क गए। बेड हेड टिकट को भी फाड़ दिया। उसे वार्ड से फिंकवाने की धमकी दे डाली। बाद में शांत होने पर फिर बेड हेड टिकट बना दिया।
पांच हजार नकद व पांच हजार मोबाइल से लिए
अधीक्षक को दिए गए आवेदन में अमन कुमार ने बताया कि दादी की उम्र व तकलीफ को देखते हुए वे जल्द आपरेशन कराना चाहते थे। आरोप है कि इसका फायदा उठाते हुए चिकित्सक ने उनसे पांच हजार रुपये नकद (कैश) लिए, जबकि शेष पांच हजार रुपये मोबाइल के जरिए आनलाइन ट्रांसफर कराए।
अमन ने आरोपों की पुष्टि के लिए पांच नवंबर को मोबाइल से किए गए पांच हजार रुपये के आनलाइन भुगतान का स्क्रीनशाट व अन्य साक्ष्य अधीक्षक को सौंपे हैं। चिकित्सक से बातचीत का आडियो भी दिया है।
यह भी पढ़ें- चिकित्सक को बुलाने की गुहार, फिर मौत, मुजफ्फरपुर के SKMCH में माचिस लेकर पहुंचे स्वजन
मामला संज्ञान में आया है। चिकित्सक की खोज खबर लेने के लिए सुरक्षाकर्मियों को भेजा गया था, लेकिन वह अस्पताल से गायब हो गए। यूनिट इंचार्ज को पूरे मामले से अवगत कराया गया है। शिकायत आवेदन पर जांच कमेटी गठित कर मामले की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डा. महेश प्रसाद, अधीक्षक, एसकेएमसीएच
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।