विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चिकित्सक को बुलाने की गुहार, फिर मौत, मुजफ्फरपुर के SKMCH में माचिस लेकर पहुंचे स्वजन

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:40 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में एक महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और नर्सिंग स्टाफ पर जलती माचिस फेंकने का प्रयास किया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।

एसकेएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में मरीज की मौत के बाद हंगामा कर रहे लोगों को समझाती एसकेएमसीएच ओपी की पुलिस। जागरण

एसकेएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में मरीज की मौत के बाद हंगामा कर रहे लोगों को समझाती एसकेएमसीएच ओपी की पुलिस। जागरण

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। एसकेएमसीएच में मरीज की मौत के बाद आक्रोश ऐसा भड़का कि स्वजन माचिस लेकर नर्सिंग स्टेशन तक पहुंच गए। तीली जलाकर नर्सिंग स्टाफ पर फेंकने का प्रयास किया।

अस्पताल में अफरातफरी मच गई। हंगामा सुनकर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते स्वजन के हाथ पकड़ लिए और माचिस छीनकर उन्हें वार्ड से बाहर निकाला। शनिवार को सर्जरी इमरजेंसी विभाग में महिला मरीज की मौत के बाद यह घटना हुई।

माचिस छीनकर वार्ड से बाहर निकाला

मरीज के स्वजन काफी आक्रोशित थे और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हो रहे थे। सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया। इस बीच एसकेएमसीएच ओपी पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्वजन को समझाकर शांत कराने में जुट गई। जब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की जानकारी दी तो स्वजन शांत हुए। इसके बाद चिकित्सक से डेथ सर्टिफिकेट बनवाकर शव लेकर चले गए।

दो दिन पहले पैर में घाव होने पर कराया था भर्ती

मृत महिला पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के भरकुरवा गांव निवासी केवल राम की 32 वर्षीय पत्नी रेखा देवी थी। केवल राम ने बताया कि दो दिन पहले पैर में घाव होने के बाद पत्नी को एसकेएमसीएच लेकर आए थे। चिकित्सक ने देखने के बाद भर्ती कर लिया था। उनके अनुसार, भर्ती होने के बाद सुबह-शाम इंजेक्शन के अलावा कोई इलाज नहीं किया गया।

तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सक को बुलाने की लगाई गुहार

केवल राम का आरोप है कि शनिवार सुबह रेखा की तबीयत बिगड़ने लगी तो उन्होंने नर्सिंग स्टाफ से चिकित्सक को बुलाने के लिए कहा। आरोप है कि नर्सिंग स्टाफ टाल-मटोल करते हुए वहां से चली गई। दोपहर में दूसरी नर्सिंग स्टाफ के आने पर भी उन्होंने मरीज की बिगड़ती हालत की जानकारी देकर चिकित्सक को बुलाने का आग्रह किया। उनके अनुसार, नर्स इंजेक्शन लेकर पहुंची और उसे देने लगी। इंजेक्शन देते समय ही रेखा की मौत हो गई।

कंट्रोल रूम से स्वास्थ्य प्रबंधक तक काटते रहे चक्कर

केवल राम ने बताया कि पत्नी की हालत बिगड़ने पर इलाज की व्यवस्था कराने के लिए कंट्रोल रूम से लेकर स्वास्थ्य प्रबंधक तक के चक्कर काटते रहे, लेकिन उनकी पत्नी को समुचित इलाज नहीं मिला। इसी को लेकर स्वजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल में हंगामा करने लगे।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया गंभीर हालत में आई थी मरीज

हेल्थ मैनेजर सोहैल अख्तर ने बताया कि मरीज गंभीर हालत में अस्पताल लाई गई थी। शरीर में सूजन होने के कारण एडवी कैनुला नहीं लग पा रहा था। वेन स्ट्रिपिंग के लिए मरीज को शल्य कक्ष में ले जाने की तैयारी की जा रही थी, इसी दौरान उसकी मौत हो गई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।