Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar News: सजनी को मिल गए साजन.. शहनाई; बधाई और विदाई, 51 जोड़ों की Photos में बैंड-बाजा और बारात

    Updated: Mon, 09 Jun 2025 06:13 PM (IST)

    पटना में मां वैष्णो देवी सेवा समिति द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह में 51 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। शहनाई की गूंज और बधाइयों के बीच राज्यपाल और उपमुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने नवविवाहितों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर वर-वधू को उपहार दिए गए और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। यह सामूहिक विवाह समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ।

    Hero Image
    शादी के बाद पति के साथ सेल्फी लेती नवविवाहिता। (फोटो- एएनआइ)

    जागरण संवाददाता, पटना। शहनाई की गूंज, बधाइयों का तांता और विदाई के आंसुओं के बीच रविवार को शुभ मुहूर्त में 51 जोड़े परिणय सूत्र में बंध गए। घोड़ों पर सवार दूल्हे और सजे-धजे बाराती नाचते-गाते वैवाहिक स्थल श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल पहुंचे, जहां 16 हजार स्क्वायर फुट में भव्य पंडाल बना था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रीति रिवाज व वैवाहिक मंत्रों के साथ 51 जोड़ों ने एक-दूजे का जीवन भर साथ निभाने की कसम खाई। वर-वधू को आशीष देने कई खास लोग भी पहुंचे।

    मां वैष्णो देवी सेवा समिति की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह में 51 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री अशोक चौधरी, पूर्व मंत्री श्याम रजक, मंत्री नितिन नवीन समेत अन्य गणमान्य लोगों ने नव विवाहितों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

    मां वैष्णो देवी सेवा समिति की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में वर-वधु के साथ मुख्य अतिथि राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मंत्री नितिन नवीन, अशोक चौधरी एवं अन्य। फोटो- जागरण

    इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि मानव सेवा माधव सेवा है। मां वैष्णो सेवा समिति में व्यवसायी हैं। ये लोग मानव सेवा कार्य में जुड़े हैं।

    आप सभी ने सामाजिक कार्यों में एक मिसाल पैदा की है। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि समिति केवल शादी ही नहीं कराती है बल्कि जीवन रक्षक रक्त भी जरूरतमंदों को मुहैया कराती है।

    कार्यक्रम बना यादगार

    • कलाकारों ने भक्ति गीतों से कार्यक्रम को बनाया यादगार
    • रितिका राज, संजय कुमार और अक्षरा सिंह को मिला सम्मान
    • 51 मंडपों में इतने ही पंडितों ने रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया विवाह
    • 16 हजार स्क्वायर फीट में बनाया गया था भव्य पंडाल सजावट ने मोहा मन
    • श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल में राज्यपाल, उप मुख्यमंत्री समेत कई मंत्री व गणमान्य लोग बने सामूहिक विवाह समारोह के साक्षी
    • मां वैष्णो देवी सेवा समिति की ओर से एक विवाह ऐसा भी का 13वां संस्करण आयोजित, उत्सवी माहौल में संपन्न हुआ सामूहिक विवाह

    मां वैष्णो देवी सेवा समिति की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देते कलाकार बच्चे।

    वर-वधू को दिए उपहार

    सामूहिक विवाह में 51 मंडपों में 51 पंडितों ने रीति रिवाज के साथ शादी कराई। छह दिव्यांग जोड़े भी शादी के बंधन में बंधे।

    इस अवसर पर समिति की ओर से नव विवाहित जोड़े को साइकिल, सिलाई मशीन, बर्तन सेट आदि दिए गए। समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश सरावगी ने बताया कि स्पाइनल कार्ड इंजरी पर कार्य कर रहे अनुराग को सम्मान करना बड़ी बात है।

    मां वैष्णो देवी सेवा समिति की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देते कलाकार बच्चे।

    इन्होंने चार सौ बच्चों को नया जीवन दिया। आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजक कन्हैया अग्रवाल कन्नू, सह संयोजक जितेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष नंद किशोर अग्रवाल, मुकेश हिसारिया, एमपी जैन, गोपाल झुनझुनवाला आदि ने सहयोग किया।

    मां वैष्णो देवी सेवा समिति की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में जयमाल कार्यक्रम में वर-वधु।

    बैंड-बाजे के साथ पहुंची बरात, मंगल गीतों से किया गया स्वागत

    एक विवाह ऐसा भी के 13वें संस्करण के तहत आयोजित सामूहिक विवाह के लिए सुबह 51 दूल्हों की सामूहिक बरात शहर के महाराणा प्रताप भवन से गाजे-बाजे, घोड़े-ऊंट के साथ निकलकर श्रीकृष्ण मेमोरियल पहुंची।

    मां वैष्णो देवी सेवा समिति की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में घोड़े पर सवार होकर दूल्हे विवाह स्थल श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल पहुंचे।

    रास्ते में अनेक संस्थाओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। बरात के श्रीकृष्ण मेमोरियल पहुंचने पर स्वागत हुआ। महिलाओं ने मंगल गीत गाए।

    कार्यक्रम के दौरान मंच पर धीरज सोनी टीम के कलाकार गणेश वंदना, मिशन सिंदूर और सामूहिक विवाह पर अपनी प्रस्तुतियों से सभी को आनंदित किया।

    मंच संचालन कर रहे रेडियो सिटी के आरजे विजेता, डा. सुभाष कृष्णा और आरजे शशि ने अपनी दमदार आवाज से लोगों को मंत्रमुग्ध करते रहे।

    समारोह के दौरान इंडियन आइडल की रितिका राज, व्यवसायी संजय कुमार और भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह को सम्मानित किया गया।

    कार्यक्रम को यादगार बनाने को लेकर भोजपुरी गायक सुनील सुरीला, बलिया से आए भजन गायक डा. हरिनारायण सिंह ने आज मिथिला नगरिया निहाल सखिया... आज जनकपुर में मड़वा बड़ी सुहावन लागे.. आदि गीतों के जरिए सभी का ध्यान आकर्षित करते हुए सभी को मंत्रमुग्ध किया। शादी संपन्न होने के बाद नवविवाहितों ने सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बनाया।