राजधानी में दौड़ेगी मैनहोल एंबुलेंस, 155304 पर कॉल कर मिलेगी सेवा; सुविधा देने वाला पहला शहर बनेगा पटना
पटना नगर निगम ने यह नई शुरुआत की है। नगर निगम की ओर से मैनहाल की मरम्मत के लिए ऐसा प्रयोग के मामले में पटना को देशभर में पहला शहर बताया जा रहा है। जल्द ही मैनहोल एंबुलेंस दौड़ेगी। सभी 75 वार्डों में टूटे-फूटे एवं खुले मैनहोल की समस्याओं को दूर करेगी।

जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी में अब जल्द ही मैनहोल एंबुलेंस दौड़ेगी। शहर में टूटे-फूटे एवं खुले मैनहोल की समस्या को अब स्थाई रूप से दूर करने के लिए पटना नगर निगम ने यह नई शुरुआत की है। नगर निगम की ओर से मैनहाल की मरम्मत के लिए ऐसा प्रयोग के मामले में पटना को देशभर में पहला शहर बताया जा रहा है।
यह गाड़ी शहर के सभी 75 वार्डों में टूटे-फूटे एवं खुले मैनहोल की समस्याओं को दूर करेगी। इस एंबुलेंस में मैनहोल दुरुस्त करने वाली टीम, प्री फैब मैनहोल के ढक्कन एवं अन्य सामग्री रहेगी जो स्थल पर पहुंच के तत्काल ही समस्या को दूर करेगी।
मानसून सीजन के दौरान ही इसकी सुविधा आमजनों को मिलने लगेगी। नगर आयुक्त के निर्देश पर गाड़ियों को तैयार किया गया है। जल्द ही इसका इस्तेमाल किया जाने लगेगा। नगर आयुक्त अनिमेष पराशर ने बताया कि मैनहोल से संबंधित शिकायतों को दूर करने की दिशा में यह बड़ा कदम है। आमजन को असुविधा न हो, इस दिशा में प्राथमिकता के आधार पर काम हो रहा है।
वेस्ट गाड़ियों का इस्तेमाल कर तैयार की एंबुलेंस
पटना नगर निगम ने वेस्ट टू वंडर की तर्ज पर मैनहोल एंबुलेंस पुरानी और बेकार पड़ी हुई गाड़ियों का इस्तेमाल कर तैयार किया है। कबाड़ पड़ी गाड़ियों का इस्तेमाल कर सभी अंचल के लिए 6 गाड़ियों का निर्माण किया गया है। गौरतलब है कि पहले भी निगम की बेकार गाड़ियों से पिंक टायलेट और लू कैफे बनाए गए हैं। यह शहर में सफल तरीके से संचालित है।
आन डिमांड दी जाएगी सुविधा
पटना नगर निगम का यह मैनहोल एंबुलेंस आन डिमांड काम करेगी। इसे कंट्रोल रूम से कनेक्ट किया जाएगा ताकि कहीं से भी समस्या आने पर इसे संबंधित स्थल पर भेजा जाएगा। यह क्विक रिस्पांस टीम की तर्ज पर कार्य करेगा। सभी 6 अंचल में अलग गाड़ियां होने से यह तत्काल ही अपने वार्ड में जाकर समस्याओं को दूर करेंगी।
48 घंटे के अंदर मैनहोल मरम्मत की समस्या को दूर करने का लक्ष्य दिया गया है। पटना नगर निगम के टोल फ्री नंबर 155304 पर काल कर आमजन मैनहोल की शिकायत दर्ज करेंगे, इसके बाद मैनहोल एंबुलेंस उस समस्या को दूर करेगा। खासकर मानसून में मैनहोल को लेकर आमजन की शिकायतें बढ़ जाती हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।