Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार: महागठबंधन आज करेगा भाजपा मुक्त भारत का एलान, अमित शाह भी वाल्मीकिनगर-पटना में गरजेंगे

    By Arun AsheshEdited By: Yogesh Sahu
    Updated: Sat, 25 Feb 2023 08:02 AM (IST)

    महागठबंधन की रैली में शामिल होने वाले आम लोग और कार्यकर्ता अपने दलों के झंडे के साथ आएंगे। झंडे के आधार पर हिसाब हो जाएगा कि किस दल के समर्थक अधिक हैं। महागठबंधन को इस रैली के बहाने भाजपा की जनभावना रैली में जुटी भीड़ का भी हिसाब देना है।

    Hero Image
    बिहार: महागठबंधन आज करेगा भाजपा मुक्त भारत का एलान, अमित शाह भी वाल्मीकिनगर-पटना में गरजेंगे

    राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य में सत्तारूढ़ महागठबंधन के सभी घटक दल शनिवार को पूर्णिया में एक मंच पर जुटकर भाजपा मुक्त भारत बनाने की घोषणा करेंगे।

    पिछले साल 10 अगस्त को महागठबंधन की सरकार बनने के बाद यह पहला अवसर है, जब सभी दल एक साथ साझा उद्देश्य से एक मंच पर जुटेंगे।

    इसी मंच से यह भी तय हो जाएगा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किए जाते हैं या नहीं।

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के अलावा कांग्रेस, भाकपा, माकपा, भाकपा माले और हिन्दुस्तानी अवामी मोर्चा के नेता भी मंच पर उपस्थित रहेंगे।

    पूर्णिया रैली महागठबंधन के घटक दलों के बीच शक्ति प्रदर्शन का भी माध्यम बनेगी। राजद और जदयू की ओर से भीड़ जुटाने की पुरजोर कोशिश की गई है।

    दोनों दलों के पार्टी के पदाधिकारी, विधायक, सांसद और सरकार के मंत्री सीमांचल के जिलों में एक पखवाड़े से सक्रिय हैं।

    अन्य दलों की ओर से भी भीड़ जुटाने के सामान्य प्रयास किए गए हैं। रैली में शामिल होने वाले आम लोग और कार्यकर्ता अपने दलों के झंडे के साथ आएंगे।

    झंडे के आधार पर हिसाब हो जाएगा कि किस दल के समर्थक अधिक हैं। महागठबंधन को इस रैली के बहाने भाजपा की जनभावना रैली में जुटी भीड़ का भी हिसाब देना है।

    पूर्णिया के इसी रंगभूमि मैदान में भाजपा की रैली पिछले साल 23 सितंबर को हुई थी, जिसे गृह मंत्री अमित शाह ने संबोधित किया था।

    अमित शाह की वाल्मीकिनगर एवं पटना में सभा आज

    केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को बिहार आ रहे हैं। शाह भाजपा की ओर से आयोजित दो कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करेंगे।

    पार्टी की ओर से पहला कार्यक्रम वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट के लौरिया विधानसभा क्षेत्र स्थित साहू जन मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन के रूप में रखा गया है।

    वहीं, दूसरा कार्यक्रम दोपहर बाद पटना के बापू सभागार में स्वामी सजहानंद सरस्वती की जयंती पर मजदूर किसान समागम के रूप में है।

    दोनों कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भाजपा की ओर से अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शाह के बिहार दौरे को लेकर भाजपा नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।

    पटना में पार्टी के कार्यकर्ता किसानों का पारंपरिक आभूषण व पहचान हल प्रतीक चिह्न के रूप में भेंट किया जाएगा।

    इसके साथ मुंगेर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा शुभता का प्रतीक चिह्न चांदी की मछली उपहार स्वरूप देने की तैयारी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें