Lokmanya Tilak Express: लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस का राजगीर तक विस्तार, रेलवे ने जारी किया नया टाइम टेबल
रेलवे बोर्ड ने लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस का विस्तार राजगीर तक करने का फैसला किया है जिसकी समय-सारणी जारी हो चुकी है। यह ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस से पटना के बीच चल रही थी। दानापुर मंडल के एडीआरएम ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। यह विस्तार क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगा जिससे यात्रियों को राजगीर तक सुगम यात्रा करने में सुविधा होगी।

जागरण संवाददाता, पटना। रेलवे बोर्ड ने लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस का विस्तार राजगीर तक करने का निर्णय लिया है। इसके लिए समय-सारणी जारी कर दी गई है। हालांकि राजगीर से ट्रेन के परिचालन की तिथि पूर्व मध्य रेलवे द्वारा शीघ्र निर्धारित की जाएगी। वर्तमान में यह ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस से पटना के बीच संचालित हो रही है।
दानापुर मंडल के सहायक मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) आधार राज ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी अधिसूचना साझा की।
गाड़ी संख्या 13201 (राजगीर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस) राजगीर से रात 20:45 बजे प्रस्थान कर 21:00 बजे नालंदा, 21:20 बजे बिहार शरीफ, 21:52 बजे बख्तियारपुर, 22:15 बजे फतुहा, 22:28 बजे पटना साहिब और 23:45 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन सुबह 10:50 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 13202 (लोकमान्य तिलक टर्मिनस-राजगीर एक्सप्रेस) दोपहर 14:45 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होकर रात 00:10 बजे पटना जंक्शन, 00:35 बजे पटना साहिब, 00:47 बजे फतुहा, 01:20 बजे बख्तियारपुर, 01:53 बजे बिहार शरीफ, 02:11 बजे नालंदा और 03:00 बजे राजगीर पहुंचेगी।
यह विस्तार क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगा और यात्रियों को राजगीर तक सुगम यात्रा की सुविधा प्रदान करेगा।
दानापुर मंडल में नौ स्टेशनों के नए सीआईटी प्रभारी नियुक्त
पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल में टिकट जांच व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए मंडल कार्यालय ने नए सीआईटी प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। सोमवार को जारी आदेश के अनुसार, यह जिम्मेदारी तत्काल प्रभाव से लागू होगी।आदेश में कहा गया है कि सभी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में टिकट जांच कार्य का संचालन और निगरानी करेंगे।
जिन अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है, उनमें जमालपुर स्टेशन के लिए अरविंद कुमार हेम्ब्रम, किऊल के लिए महेंद्र चौधरी, बरौनी के लिए निर्भय पासवान, राजेंद्र नगर टर्मिनल के लिए एच.के. दास, पटना जंक्शन के लिए मनी बरैक, दानापुर के लिए शंकर कुमार, पाटलिपुत्र के लिए एम.बी. ओझा, आरा के लिए सी.पी. यादव और बक्सर के लिए संजय कुमार को नियुक्त किया गया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दानापुर अभिनव सिद्धार्थ ने निर्देश दिया है कि सभी प्रभारी आवश्यक हैंडिंग ओवर और टेकिंग ओवर की रिपोर्ट कार्यालय में जमा करें। यदि कार्यभार ग्रहण करने में किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसकी सूचना तुरंत लिखित रूप से कार्यालय को देनी होगी। इस कदम से टिकट जांच व्यवस्था में पारदर्शिता और सख्ती दोनों सुनिश्चित होने की उम्मीद की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।