विधायक जी सुनिए : जनता-आप आतीं नहीं, काम नहीं हो रहा; विधायक-फंड बंद था, अब होगा
बुधवार की सुबह दानापुर की जनता फोन के माध्यम से अपने विधायक जी से मुखातिब थी।
पटना। बुधवार की सुबह दानापुर की जनता फोन के माध्यम से अपने विधायक जी से मुखातिब थी। लोगों ने एक के बाद एक सवालों की बौछार सी कर दी। विधायक जी ने भी क्षेत्र के विकास के लिए अपना विजन बताया, जनता की समस्याओं से वाकिफ हुई और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में शुरू होने वाली योजनाओं के बारे में भी लोगों को जानकारी दी। भाजपा विधायक आशा देवी दैनिक जागरण के 'सुनिए विधायक जी' कार्यक्रम के माध्यम से एक घटे से अधिक समय तक लोगों से जुड़ी रहीं। पेश हैं सवाल-जवाब के प्रमुख अंश..
---------------
सड़क पर अतिक्रमण होने से परेशानी हो रही है।
मिरचैया मांझी, महुआ बाग
- इस बाबत अंचलाधिकारी को स्थल भ्रमण करने के लिए कहा गया था, अगर वे अभी तक नहीं गए हैं तो मैं उनसे पूछती हूं।
- आप कभी आती नहीं, मेरे मोहल्ले में काम नहीं हो रहा है।
सुमित कुमार, वार्ड-33, मिथिला कॉलोनी
फंड की कमी के कारण काम अवरुद्ध था। अब फंड आ गया है। जल्द काम शुरू हो जाएगा।
- सड़क संकरी है उस पर जलजमाव रहता है। लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी से शिकायत की तो उन्होंने फंड नहीं होने की बात कह पल्ला झाड़ लिया।
जयप्रकाश मिश्र, गोला रोड, दानापुर
2015 में विधायक फंड बंद कर दिया गया था। इस साल मार्च से इसे फिर शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना शुरू होने वाली है। आवेदन दें, निदान हो जाएगा। - पक्के पुल का निर्माण नहीं हुआ। तीन पंचायतों काशिमचक, मानस और पानापुर का थाना छपरा चला गया है। इससे काफी परेशानी होती है।
ओमप्रकाश राय, पूर्व जिला परिषद सदस्य, दानापुर
पुल को लेकर स्थानीय लोगों में ही विरोधाभास है। कुछ लोग कहते हैं कि शाहपुर से पुल बने। पथ निर्माण मंत्री के पास चलिए मिलकर बात करते हैं। थाना स्थानांतरण के लिए उप मुख्यमंत्री से बात हुई है, वह डीजीपी से बात करेंगे।
- खगौल नाटक और सांस्कृतिक गतिविधियों का समृद्ध क्षेत्र रहा है। फिर भी यहां प्रेक्षागृह नहीं है। मंदिर जाने वाली दरौधा-जमालुद्दीनचक सड़क जर्जर होने से श्रद्धालु गिरकर चोटिल हो जाते हैं।
नवाब आलम, खगौल
खगौल में कहीं खाली जगह हो तो बताएं, प्रेक्षागृह बनवा दिया जाएगा। सड़क आमजन के कारण ही फंसी है। राशि आवंटित है, नाला बनवा लें सड़क बन जाएगी।
- दाउदपुर का विकास नहीं हो रहा है। शिकायतें नहीं सुनी जाती हैं।
चंदन कुमार, दाउदपुर
आपके वार्ड में पहले काम हुआ, लेकिन अब रुक गया। वार्ड पार्षद से मिलें। वार्ड की सफाई के लिए उन्हें पांच-छह मजदूर दिए गए हैं। उनसे पूछिए वे मजदूर कहां गए। सफाई क्यों नहीं हो रही है।
- दीघा-सोनपुर हाईवे से सटे गांवों में जलनिकासी की समस्या विकराल है। चार गांव के लोग परेशान हैं। लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के पास परिवाद किया पर नतीजा सिफर रहा।
संजीव कुमार, गोविंदपुर, दानापुर
मुखिया से कहें मनरेगा के तहत सफाई कराएं। मैं दो-तीन दिन में वहां के बीडीओ और मनरेगा पीओ को लेकर आती हूं। - खगौल बाजार में फुटपाथ पर अतिक्रमण है। राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है।
अशोक कुमार नागवंशी, खगौल
एग्जीक्यूटिव से बात करती हूं। सड़क पर दुकान लगाने वाले गरीब होते हैं। उनका विस्थापन होते ही परेशानी भी खत्म हो जाएगी। दोनों काम जल्द कराने को कहा जाएगा।
- शाहपुर पुल जर्जर है। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। पानी में भी गंदगी है।
निशांत शेखर, शाहपुर, दानापुर
आपके वार्ड में नई बो¨रग होने वाली थी। उसका क्या हुआ वार्ड पार्षद से बात करें। पुल की जर्जर स्थिति के लिए एसडीओ से बात करूंगी। - खगौल में अबतक कितना काम हुआ है बताएं। बाजार में शौचालय तक नहीं हैं।
भरत पोद्दार, खगौल
काम तो कई हुए हैं। जगत नारायण कॉलेज में सोलिंग की गई, हर वार्ड में चापाकल लगाए गए। 42 लाख से पार्क और महिला कॉलेज में शौचालय बनवाया है। जहां तक सड़क पर शौचालय की बात है तो वहां के दुकानदार राजी नहीं होते हैं। आप जमीन दिलवा दें, मैं शौचालय बनवा दूंगी। - पोलिंग बूथ बदल दें। वृद्ध मतदाताओं को परेशानी होती है। साथ ही नाला निर्माण भी अधूरा है।
एसएन सिंह, डिफेंस कॉलोनी
कॉलोनी के लोगों की वजह से नाला निर्माण अधूरा है। इसके लिए राशि भी बढ़ा दी गई है। फिर से आवेदन भेजा है। मतदान केंद्र बदलने के लिए डीएम से बात करती हूं।
- स्कूलों में प्रैक्टिकल के संसाधन हैं, मगर कराए नहीं जाते।
नरेश पाल सैनिक, खगौल
सभी स्कूलों में प्रैक्टिकल का सामान है। किसी दिन निरीक्षण कर पता करती हूं कि प्रैक्टिकल क्यों नहीं हो रहे हैं। - सड़क पर डिवाइडर से बुजुर्गो को रोड पार करने में दिक्कत होती है।
अश्विनी सिंह, रुकनपुरा
जिस दिन डिवाइडर बन रहा था उसी दिन एग्जीक्यूटिव से बात की थी। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट का आदेश है। फिर भी एक बार पथ निर्माण मंत्री से बात करती हूं।
- मोहल्ले में रोड नहीं बनी है। हमेशा जलजमाव रहता है। आत्महत्या कर लूं क्या?
अमित कुमार, आरपीएस मोड़
जल निकासी नहीं होने पर आत्महत्या करने की क्या जरूरत है। फंड आ गया है। बरसात के बाद सड़क बन जाएगी और जल निकासी की समस्या भी दूर हो जाएगी।
------------
इन्होंने भी पूछे सवाल
रामनाथ यादव मैनपुरा, राजेंद्र किशोर रुपसपुर, डब्ल्यू कुमार दानापुर, सोनू कुमार दाउदपुर, श्रवण कुमार विकास बिहार कॉलोनी, मो. शहजाद खगौल, मनोज कुमार सिंह शाहपुर, संतोष कुमार दानापुर, सुनील कुमार भट्ठा रोड, रिशु कुमार गोला रोड, जयप्रकाश जमालुद्दीननगर, अवधेश पांडेय दानापुर, योगेंद्र राय शाहपुर, रंजीत सिन्हा खगौल, सनोज यादव दानापुर, जयमंगल प्रसाद, गोलापुर।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।