Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Khelo India Youth Games: पटना में दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले, बिहार की मेजबानी में चमके खिलाड़ी

    Updated: Mon, 05 May 2025 10:17 PM (IST)

    जूडो में पुरुष और महिला वर्ग में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पुरुष वर्ग के 50 किलोग्राम में चंडीगढ़ के संयम चौधरी ने स्वर्ण पदक जीता जबकि उत्तर प्रदेश के चिंटू को रजत और पंजाब के रघु मिश्रा को कांस्य पदक मिला। फुटबाल स्पर्धा में तमिलनाडु ने बिहार को 2-1 से हराया।

    Hero Image
    पाटलिपुत्र खेल परिसर में यूथ गेम्स के दौरान एक्शन में खिलाड़ी। जागरण।

    जागरण टीम, पटना। खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 के दूसरे दिन सोमवार को राजधानी पटना सहित विभिन्न शहरों में विविध खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। कंकड़बाग के पाटलिपुत्र खेल परिसर में वालीबॉल, गांधी मैदान के ज्ञान भवन में जूडो, बीएसपी-5 इंडोर स्टेडियम में सेपक टाकरा, राजगीर के इंडोर हाल में कबड्डी, बोधगया के इंडियन इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट में मल्लखंभ और गतका, गया के बिपार्ड में खो-खो और तैराकी, भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में तीरंदाजी, और बेगूसराय के यमुना भगत काम्प्लेक्स में फुटबाल के मुकाबले हुए। इन प्रतियोगिताओं में युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जूडो में चंडीगढ़, राजस्थान और दिल्ली को स्वर्ण

    पटना के ज्ञान भवन में आयोजित जूडो प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पुरुष वर्ग के 50 किलोग्राम में चंडीगढ़ के संयम चौधरी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि उत्तर प्रदेश के चिंटू को रजत और पंजाब के रघु मिश्रा को कांस्य पदक मिला। 81 किलोग्राम वर्ग में राजस्थान के अश्विन भारद्वाज ने स्वर्ण, हरियाणा के भाव्या ने रजत और गुजरात के पारेख ने कांस्य पदक हासिल किया।

    गार्गी तोकस को मिला सोना

    महिला वर्ग में 40 किलोग्राम में दिल्ली की गार्गी तोकस और 63 किलोग्राम में सतन दैचन ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। 40 किलोग्राम वर्ग में गुजरात की सर्वैया दिव्यावेन ने रजत और दिल्ली की पलक शर्मा ने कांस्य पदक जीता। 63 किलोग्राम वर्ग में मणिपुर की अथोइबी यांगलेम ने रजत और खुयेनथेम देवी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

    वालीबाल में झारखंड ने बिहार को हराया

    पाटलिपुत्र खेल परिसर में वालीबाल के मुकाबलों में झारखंड ने मेजबान बिहार को 4-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। अन्य मुकाबलों में उत्तर प्रदेश ने उत्तराखंड को, राजस्थान ने मणिपुर और केरल को, गुजरात ने असम को, और तमिलनाडु ने पश्चिम बंगाल को हराया। इन जीतों ने टूर्नामेंट में इन टीमों की स्थिति को मजबूत किया।

    फुटबाल में तमिलनाडु और झारखंड बेहतर

    बेगूसराय के रिफाइनरी स्टेडियम और यमुना भगत स्टेडियम में महिला फुटबाल के मुकाबले हुए। तमिलनाडु ने बिहार को 2-1 से हराया, जबकि झारखंड ने राजस्थान को 8-0 से करारी शिकस्त दी। अन्य मुकाबलों में हरियाणा ने दिल्ली को 6-1 से और मणिपुर ने आंध्र प्रदेश को 3-0 से पराजित किया। इन मुकाबलों में महिला खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक और रणनीति से दर्शकों का मन मोह लिया।

    कबड्डी में बिहार की बालक टीम का रिकार्ड

    राजगीर के कबड्डी कोर्ट में बिहार की बालक टीम ने गोवा को 88-14 के विशाल स्कोर से हराकर टूर्नामेंट का सर्वोच्च स्कोर दर्ज किया। यह 74 अंकों की जीत बिहार के दबदबे का प्रतीक बनी। अन्य मुकाबलों में राजस्थान की बालिका टीम ने छत्तीसगढ़ को 43-33 से, आंध्र प्रदेश ने छत्तीसगढ़ को 43-37 से, और उत्तर प्रदेश ने तमिलनाडु को 28-26 से हराया। शाम के मुकाबलों में राजस्थान की बालक टीम ने गोआ को 86-18 से, हरियाणा की बालिका टीम ने चंडीगढ़ को 55-30 से, असम ने तमिलनाडु को 29-21 से, और पंजाब ने राजस्थान को 35-32 से हराकर अपनी स्थिति मजबूत की।

    तैराकी में बेंगलुरु की मानवी ने जीता स्वर्ण

    गया के बिपार्ड में तैराकी प्रतियोगिता में बेंगलुरु की मानवी वर्मा ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। तैराकी में खिलाड़ियों ने अपनी गति और तकनीक से सभी को प्रभावित किया।

    गतका में बिहार और पंजाब का रहा जलवा

    बोधगया के आइआइएम मैदान में गतका के मुकाबलों में बिहार और पंजाब ने शानदार प्रदर्शन किया। बिहार की बालिका टीम ने गोआ को 85-6 से हराया, जिसमें आदित्य राज (31), अंशिका रानी (22), और अनन्या कुमारी (32) ने उम्दा प्रदर्शन किया। पंजाब ने हरियाणा को 61-42 से हराया, जिसमें गुरविंदर कौर तिवाना (24), मेहनकरप्रीत कौर (22), और सुमनप्रीत कौर (15) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। अन्य मुकाबलों में तेलंगाना ने असम को, झारखंड ने राजस्थान को, तमिलनाडु ने उत्तर प्रदेश को, और महाराष्ट्र ने जम्मू-कश्मीर को हराया।

    खो-खो में पंजाब और ओडिशा की जीत

    गया के बिपार्ड में खो-खो के मुकाबलों में पंजाब ने बिहार को 55-22 से हराया, जबकि कर्नाटक ने आंध्र प्रदेश को 63-18 से मात दी। बालिका वर्ग में उत्तर प्रदेश ने बिहार को 34-30 से और ओडिशा ने तमिलनाडु को 54-18 से हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।