पीएम नरेंद्र मोदी के संदेश संग बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स का होगा आगाज, यहां देखें पहले दिन का शेड्यूल
बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शुरुआत रविवार को होगी। पाटलिपुत्र खेल परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश गूंजेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय खेल मंत्री खुद मौजूद रहकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएंगे। पहले दिन वालीबॉल जूडो कबड्डी मल्लखंभ और तीरंदाजी स्पर्धा में खिलाड़ी भाग लेंगे।

जागरण संवाददाता, पटना। बुद्ध और महावीर की पावन धरती बिहार में पहली बार होने जा रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स का भव्य शुभारंभ रविवार शाम पाटलिपुत्र खेल परिसर में होगा। आयोजन की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका शुभारंभ करेंगे। पहले दिन वालीबॉल, जूडो, कबड्डी, मल्लखंभ और तीरंदाजी स्पर्धा होगी।
मुख्यमंत्री नीतीश बढाएंगे हौसला
उद्घाटन के मौके पर पाटलिपुत्र खेल परिसर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मुख्य अतिथि युवा कार्य एवं खेल और श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के मंत्री डा.मनसुख एल मांडविया, विशिष्ट अतिथि उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, युवा एवं खेल मंत्रालय से रक्षा निखिल खडसे, बिहार के खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता समेत अन्य गणमान्य उपस्थित रहेंगे।
मैथिली की गूंजेगी आवाज, पंकज भी होंगे
बिहार की लोक गायिका मैथिली ठाकुर उद्घाटन समारोह में सुर लहरी बिखेरेंगी तो अभिनेता पंकज त्रिपाठी पूरे कार्यक्रम के दौरान बिहार की गौरव गाथा का बखान करेंगे। उद्घाटन में राजधानी के सात स्कूलों के छह सौ बच्चे प्रस्तुति देंगे। इन बच्चों के साथ 200 एनसीसी कैडेट भी शामिल होंगे।
1600 कलाकार देंगे प्रस्तुति
उद्घाटन समारोह में 1600 कलाकार प्रस्तुति देंगे। इसमें 200 कलाकार बालीवुड से होंगे। शाम छह बजे इसका उद्घाटन होगा। इन खेलों में देश के सभी 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों से दस हजार खिलाड़ी, खेल प्रशिक्षक और उनके सपोर्ट स्टाफ आएंगे।
मंच पर दिखेगी बिहार की संस्कृति
स्टेडियम के मुख्य ग्राउंड पर करीब 100 मीटर लंबा स्टेज बनाया गया है। यहां उद्घाटन समारोह का आकर्षण लेजर शो व आतिशबाजी होगी। उद्घाटन समारोह में पहली प्रस्तुति गंगा आरती की होगी। दूसरी प्रस्तुति बिहार की देवीशक्ति पर आधारित होगी। बिहार की देवीशक्ति में मां मुंडेश्वरी, मंगला गौरी, गया, मां गंगा, मां सीता होगी। देश के ख्याति प्राप्त वाद्य यंत्र साधक भी मंच पर होंगे, जिनमें तौफिक कुरैशी, विक्रम घोष, प्रवीण गोखंडी, राजेश वैद्य के अलावा एआर रहमान कालेज के स्टूडेंटस अपनी प्रस्तुति देंगे।
गेट संख्या दो से आएंगे आम नागरिक
खेलो इंडिया गेम्स का आनंद लेने के लिए आम नागरिकों को प्रवेश संख्या दो से आने दिया जाएगा। इस गेम्स में सात सौ से अधिक बिहार के खिलाड़ी 28 खेलों में हिस्सा लेंगे। गेट संख्या एक से विशेष अतिथि, मुख्य अतिथि, वीआईपी, मीडिया वालों को प्रवेश दिया जाएगा।
टाप-आठ राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा
टीम खेल में देश के टाप-आठ राज्यों की टीम हिस्सा लेगी। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में हर राज्य से 16-16 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। एक स्पर्धा में एक खिलाड़ी जबकि मेजबान होने के नाते एक स्पर्धा में बिहार के दो-दो खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पूरे प्रतियोगिता में कुल 2535 पदक दांव पर होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।