भव्य तोरण द्वार और म्यूरल से सजेगा जेपी गंगा पथ, 52.81 करोड़ से पूरी हो रही शानदार परियोजना
पटना में जेपी गंगा पथ को 52.81 करोड़ रुपये की लागत से एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। गंगा किनारे प्रोजेक्ट के तहत यहां 13500 वर्गफीट में लैंडस्केप बनेंगे और गंगा के विभिन्न नामों वाले 25 फीट ऊंचे 15 आर्च गेट लगाए जाएंगे। लोकनायक जयप्रकाश नारायण और अटल बिहारी वाजपेयी के थ्रीडी म्यूरल भी स्थापित किए जाएंगे जिससे यह स्थल और भी आकर्षक बनेगा।

जागरण संवाददाता, पटना। मंदाकिनी, भागीरथी, सुरसरिता, अलकनंदा, जाह्नवी...। जेपी गंगा पथ पर जैसे-जैसे आप बढ़ते जाएंगे भव्य तोरण द्वार (आर्च गेट) पर ये नाम आपको दिखेंगे।
दरअसल, ये सारे नाम देवनदी गंगा के हैं। इतना ही नहीं खूबसूरत सेल्फी प्वाइंट, बड़े-बड़े भित्ति चित्र (म्यूरल) भी आपका मन मोह लेंगे। जल्द ही यह सब यथार्थ होने वाला है। इसकी प्रक्रिया चल रही है।
दरअसल गंगा किनारे प्रोजेक्ट के तहत पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड (पीएससीएल) कई संरचनाओं का निर्माण, सुंदरीकरण के कार्य करेगा। दीघा रोटरी से एलसीटी घाट के बीच लगभग तीन किलोमीटर के क्षेत्र में पौधारोपण, जिगजैग पाथवे जैसे काम भी किए जा रहे हैं।
52.81 करोड़ से पूरी हो रही योजना
पीएससीएल की जनसंपर्क अधिकारी प्रिया सौरभ ने बताया कि जेपी गंगा पथ एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाना है। कुल 52.81 करोड़ रुपए से गंगा किनारे प्रोजेक्ट के तहत 13,500 वर्गफीट में लैंडस्केप बनाए जाएंगे। यहां 25 फीट ऊंचे 15 आर्च गेट बनाए जाएंगे। उन सभी पर गंगा के अलग-अलग नाम अंकित किए जाएंगे।
इन गेटों का निर्माण चेन्नई के कलाकारों के जिम्मे है। जेपी गंगा पथ पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण एवं अटल पथ पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का 12 फीट ऊंचा थ्री डी म्यूरल लगाया जाएगा।
इन म्यूरल पर दोनों महापुरुषों की जीवनी भी रहेगी। इनका निर्माण जीआरसी (ग्लास रिइंफोर्स्ड कंक्रीट) से होगा। यह सीमेंट, बालू, पानी एवं ग्लास फाइबर से बनी होती है। इन दोनों म्यूरल के पास ही सेल्फी प्वाइंट होगा।
आर्किटेक्चरल लाइटिंग से यह चमकेगा। दिल्ली के कारीगर इसे तैयार करने में जुटे हैं। दीघा गोलंबर के पास ये कार्य होंगे। इसके अलावा 500 फैब्रिकेटेड दुकानें लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
फूड कोर्ट के इस हिस्से की शुरुआत में आकर्षक द्वार बनाया जाएगा। डेकोरेटिव लाइट, पोस्ट लाइट, गार्डन लाइट भी होगी। राजस्थान के लाइमस्टोन से करीब आठ हजार वर्गफीट में फ्लोरिंग की जाएगी।
जेपी गंगा पथ युवाओं से लेकर बच्चों और बुजुर्गों तक के लिए समय बिताने का अहम ठिकाना बन गया है। चकाचक सड़क पर फर्राटा भरती गाड़ियां। गंगा किनारे सुबह की सैर और शाम में पसरी रंगीनियत। समय के साथ यह स्थल निखर और संवर रहा है। शाम के समय तो इस स्थल की चकाचौंध देखते ही बनती है।
दूर-दूर से लोग यहां लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाने पहुंचते हैं। इसके अलावा मनोरंजन के भी यहां कई साधन उपलब्ध हैं। घुड़सवारी, बैट्रीवाली कार की सैर, वर्चुअल रियलिटी हेड सेट के अलावा गंगा में नौकायन का आनंद उठाने भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।