मतदाता सूची पुनरीक्षण पर चुप नहीं बैठेगा जदयू, आम लोगों तक बात पहुंचाने को पार्टी ने बनाया नया प्लान
लोगों को जागरूक करने को ले जदयू साइकिल रैली निकालेगा। यह मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर किया जाएगा। इस संबंध में जनता दल यूनाइटेड प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी की मौजूदगी में एक वर्चुअल बैठक हुई।

राज्य ब्यूरो, पटना। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने को ले जदयू साइकिल रैली निकालेगा। इस संबंध में जदयू प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी की मौजूदगी में एक वर्चुअल बैठक हुई।
बैठक में पार्टी के संगठन प्रभारी, जिलाध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी व बीएलए जुड़े थे। बैठक की अध्यक्षता जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आठ जुलाई को प्रदेश की सभी पंचायतों में जदयू द्वारा साइकिल रैली निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इसके साथ ही, गांव-गांव जाकर डोर-टू-डोर कैंपेन के माध्यम से पात्र मतदाताओं को चिन्हित किया जाएगा। उन्हें आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जाएगी तथा फार्म भरवाने से लेकर नाम जुड़वाने तक हर संभव सहायता उपलब्ध करायी जाएगी।
इस मौके पर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि एनडीए गठबंधन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव में वर्ष 2010 से भी बड़ी और ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा।
उन्होंने कहा कि जो मतदाता नौकरी या शिक्षा के सिलसिले में बाहर रहते हैं, उन्हें चिन्हित कर अभियान की जानकारी देना और प्रक्रिया में शामिल करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। हमारा आधार वोट अधिकतर ग्रामीण इलाकों में है, इसलिए पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी सजगता, सक्रियता और गंभीरता के साथ इस मुहिम से जुड़ना होगा।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि कार्यकर्ताओं के कंधों पर दोहरी जिम्मेदारी है। एक ओर ‘2025 में 225 और फिर से नीतीश’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए पूरी ताक़त झोंकनी है, तो दूसरी ओर मतदाता पुनरीक्षण अभियान को बूथ स्तर पर पूरी निष्ठा और सतर्कता से सफल बनाना है।
जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि सभी पात्र मतदाताओं को वोटर लिस्ट में शामिल करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ जमीनी स्तर पर कार्य करना होगा और इस अभियान को उसके लक्ष्य तक पहुंचाना होगा।
जदयू विधान पार्षद रवींद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि डोर-टू-डोर कैंपेन के माध्यम से पात्र मतदाताओं को नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करना होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।