Bihar Politics: 'बिहार की छवि खराब करने...', राहुल गांधी के बयान पर JDU का कड़ा विरोध
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने राहुल गांधी के बिहार को क्राइम कैपिटल कहने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे बिहार की जनता का अपमान बताया और कहा कि राहुल गांधी को जमीनी हकीकत की समझ नहीं है। कुशवाहा ने विपक्ष पर बिहार की छवि खराब करने का आरोप लगाया और याद दिलाया कि कांग्रेस जंगलराज के दौरान राजद के साथ सत्ता में थी।

राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बिहार की जमीनी हकीकत की कोई समझ नहीं है। उनका बिहार को 'क्राइम कैपिटल' कहना तथ्यहीन और गैरजिम्मेदाराना है। यह बिहार की 14 करोड़ जनता का सीधा अपमान है।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष जिस तरह से कानून-व्यवस्था को लेकर निराधार और भ्रामक दावे कर रहा है, वह न केवल दुर्भावनापूर्ण है, बल्कि बिहार की सकारात्मक और स्वच्छ छवि को जानबूझकर धूमिल करने का एक असफल प्रयास भी है। बिहार की जनता इसे न तो बर्दाश्त करेगी और न ही स्वीकार करेगी।
आगे कहा कि राहुल गांधी में न तो राजनीतिक परिपक्वता है और न ही जमीनी हकीकत की कोई समझ। तथ्यहीन और तर्कहीन बयान देना उनकी पुरानी आदत रही है। यही कारण है कि आज बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता ने भी उन्हें गंभीरता से लेना बंद कर दिया है। राहुल गांधी को यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि जब बिहार में जंगलराज चरम पर था, तब कांग्रेस पार्टी राजद के साथ सत्ता में भागीदार थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।