24 नवंबर को JDU का मेगा प्लान: पूरे बिहार में 'नीतीश संवाद', मैदान में उतरे ललन-संजय समेत तमाम दिग्गज
जदयू 24 नवंबर को विभिन्न जिलों में 'नीतीश संवाद' का आयोजन कर रहा है, जिसे 'सुशासन दिवस' नाम दिया गया ...और पढ़ें

नालंदा की एक जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। फोटो: @NitishKumarJDU
HighLights
जदयू 24 नवंबर को 'नीतीश संवाद' का आयोजन करेगा।
यह आयोजन 'सुशासन दिवस' के रूप में मनाया जाएगा।
संजय झा पटना, ललन सिंह मुजफ्फरपुर में मुख्य वक्ता होंगे।
राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू 24 नवंबर को अलग-अलग जिलों में 'नीतीश संवाद' का आयोजन कर रहा है। इसे 'सुशासन दिवस' का नाम दिया गया है। इस आयोजन के सिलसिले में जदयू नेतृत्व ने सभी जिलों में अपने वरिष्ठ नेताओं की ड्यूटी लगाई है, जो वहां मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहेंगे।
जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा (JDU Sanjay Jha) को जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित होने वाले कार्यक्रम से जोड़ा गया है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत (Nishant Kumar) भी इस आयोजन में मौजूद रहेंगे।
वहीं, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह (Lalan Singh) मुजफ्फरपुर में रहेंगे व केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर को नालंदा में लगाया गया है।
इस कार्यक्रम की संयोजक मंत्री लेशी सिंह को मधुबनी का जिम्मा दिया गया है। उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी को समस्तीपुर, बिजेंद्र प्रसाद यादव को सारण और मंत्री श्रवण कुमार को वैशाली के कार्यक्रम का जिम्मा दिया गया है।
नीतीश संवाद की यह तीसरी शृंखला
नीतीश संवाद की यह तीसरी शृंखला है। इसके पूर्व फरक्का जल संधि व जीविका समूह पर जदयू का नीतीश संवाद हो चुका है। इस बार का आयोजन सुशासन है। इस क्रम में 24 नवंबर को जो आयोजन होगा उसमें उन विषयों पर चर्चा होगी जिसे नीतीश कुमार ने सुशासन के तहत लोगों के बीच रखा।
क्राइम, करप्शन और कम्यूनिलिज्म यानी 'ट्रिपल सी' से किसी तरह का समझौता नहीं पर विशेष चर्चा होगी। विधि-व्यवस्था के क्षेत्र में नीतीश कुमार के कार्यों पर भी विमर्श होगा।
पार्टी ने अपने नेताओं को इस तरह सौंपी जिम्मेवारी
नीतीश संवाद के लिए मंत्री श्वेता गुप्ता को पश्चिमी चंपारण, पूर्व मंत्री महेश्वर हजारी को पूर्वी चंपारण, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रमेश सिंह कुशवाहा को शिवहर, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा को सीतामढ़ी, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर को दरभंगा, पूर्व सांसद कविता सिंह को सुपौल, विधायक रमेश ऋषिदेव को अररिया, मंत्री बुलो मंडल को किशनगंज, मंत्री रत्नेश सदा को पूर्णिया, सांसद दिलेश्वर कामत को कटिहार और मंत्री शीला मंडल को मधेपुरा का जिम्मा दिया गया है।
इसके अलावा, पूर्व मंत्री अशोक राम को सहरसा, सांसद सुनील कुमार को गोपालगंज, सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन को सिवान, राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद को बेगूसराय, मंत्री मदन सहनी को खगड़िया, विधान पार्षद रविंद्र कुमार सिंह को नवगछिया, विधान पार्षद ललन सर्राफ को भागलपुर, मंत्री दामोदर रावत को बांका, सुनील कुमार को मुंगेर, पूर्व सांसद चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को लखीसराय और पूर्व सांसद कहकशां परवीन को शेखपुरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, पूर्व सांसद अरुण कुमार को नवादा, भोजपुर में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार, बक्सर में मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, कैमूर में पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला, रोहतास में मंत्री अशोक चौधरी, विधान पार्षद रीना यादव को अरवल, मंत्री जमा खां को जहानाबाद, रामसेवक सिंह को औरंगाबाद, पूर्व मंत्री श्याम रजक को गयाजी तथा सांसद कौशलेंद्र कुमार को जमुई का जिम्मा दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।