विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में 18 नवंबर को शपथ ले सकते हैं नए MLC, चुनाव आयोग कल जारी करेगा नॉटिफिकेशन

Published: Mon, 16 Nov 2026 07:41 PM (GMT+05:30)

बिहार विधान परिषद के आठ नवनिर्वाचित स्नातक और शिक्षक सदस्यों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।  ।

बिहार विधान परिषद। फाइल फोटो

बिहार विधान परिषद। फाइल फोटो

HighLights

  1. आठ नवनिर्वाचित विधान पार्षदों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में।

  2. संभावना है कि 18 नवंबर को विधान परिषद सभापति दिलाएंगे शपथ।

  3. पांच पुराने चेहरे सदन में नहीं दिखेंगे, तीन सदस्य पहली बार पहुंचेंगे।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार विधान परिषद के लिए नव निर्वाचित चार स्नातक एवं चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सदस्यों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है।

आठों नवनिर्वाचित विधान पार्षदों के शपथ ग्रहण को लेकर मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके उपरांत राज्यपाल शपथ ग्रहण की तिथि निर्धारित करने के लिए विधान परिषद सभापति को अधिकृत करेंगे।

संभावना है कि 18 नवंबर को विधान परिषद के सभापति नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

दरअसल, विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हुए द्विवार्षिक चुनाव में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से सदस्यों का निर्वाचन हुआ है।

वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो गया। ऐसे में नए सदस्यों के शपथ ग्रहण के साथ ही विधान परिषद में नए कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत होगी।

पांच पुराने चेहरे नहीं आएंगे नजर

नवनिर्वाचित सदस्यों के सदन में पहुंचने के साथ ही विधान परिषद की तस्वीर भी बदलेगी। इस बार चुनाव में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चारों सीटों पर निवर्तमान विधान पार्षदों को पराजय का सामना करना पड़ा है।

इनमें दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के मदन मोहन झा, तिरहुत (मुजफ्फरपुर) शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संजय सिंह, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नवल किशोर यादव और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अफाक अहमद का नाम सम्मिलित हैं।इसके अतिरिक्त दरभंगा स्नातक सीट से हारे निर्दलीय सर्वेश कुमार भी सदन में नहीं दिखेंगे।

इन पांचों नेताओं की जगह अब नए निर्वाचित सदस्य सदन में नजर आएंगे। खास बात यह है कि नवल किशोर यादव करीब तीन दशक से विधान परिषद की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वहीं, मदन मोहन झा भी सदन के प्रमुख राजनीतिक चेहरों में शामिल रहे हैं।

तीन सदस्य पहली बार पहुंचे सदन

18 नवंबर को प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह में तीन सदस्य पहली उच्च सदन की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इनमें पटना शिक्षक सीट से विजेता डॉ. संजीव कुमार, सारण शिक्षक सीट से राहुल राज एवं दरभंगा स्नातक सीट से अनिल कुमार झा के नाम शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- बिहार में चीनी मिलों की जल्द होगी वापसी, सारण और मुजफ्फरपुर में DPR की प्रोसेस शुरू

यह भी पढ़ें- बिहार में पहली बार होने जा रहा है 'स्टेट गेम्स' का महाकुंभ, पटना और राजगीर में जुटेंगे राज्य के दिग्गज खिलाड़ी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।