बिहार में पहली बार होने जा रहा है 'स्टेट गेम्स' का महाकुंभ, पटना और राजगीर में जुटेंगे राज्य के दिग्गज खिलाड़ी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रयासों से पहली बार बिहार स्टेट गेम्स का आयोजन पटना और राजगीर में होने जा रहा है।
-1794836767877_m.webp)
एक कार्यक्रम के दौरान सीएम सम्राट चौधरी। (फाइल फोटो)
HighLights
पहली बार बिहार स्टेट गेम्स का आयोजन किया जा रहा है।
खेलों का आयोजन पटना और राजगीर शहरों में होगा।
खिलाड़ियों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
डिजिटल डेस्क, पटना। सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की खेलों के विकास को लेकर लगातार किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयास का नतीजा है कि पहली बार बिहार स्टेट गेम्स का आयोजन होने जा रहा है।
इसे यादगार और ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के साथ खिलाड़ियों और तकनीकी अधिकारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आयोजन समिति की प्राथमिकता है।
इसके तहत खिलाड़ियों के आवासन, भोजन, परिवहन, चिकित्सा सुविधा और खेल स्थलों पर आधारभूत व्यवस्थाओं को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार ने पटना के नोडल अधिकारी आनंदी कुमार और राजगीर के नोडल अधिकारी मिथिलेश कुमार के साथ विस्तृत बैठक की।
बैठक में आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए जरूरी तैयारियों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया।
बिहार स्टेट गेम्स में खिलाड़ियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए उनके ठहरने और खानपान की व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खिलाड़ियों को एक खेल स्थल से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए सुगम परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की योजना है।
इसके साथ ही खेल स्थलों पर जरूरी आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
आयोजन समिति का प्रयास है कि खिलाड़ियों को ऐसा माहौल मिले, जहां वे दूसरी व्यवस्थाओं की चिंता से मुक्त होकर अपने खेल और प्रदर्शन पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें।
पटना और राजगीर में होगा खेलों का आयोजन
इस बार बिहार स्टेट गेम्स का आयोजन पटना और राजगीर में किया जाएगा। दो अलग-अलग शहरों में प्रतियोगिताएं आयोजित होने के कारण दोनों स्थानों के बीच बेहतर समन्वय और तालमेल बनाए रखना भी तैयारियों का अहम हिस्सा है।
इसी को ध्यान में रखते हुए दोनों शहरों के नोडल अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की जा रही है। खिलाड़ियों और तकनीकी अधिकारियों के आवागमन, ठहरने तथा प्रतियोगिताओं के संचालन में किसी तरह की बाधा नहीं आए, इसके लिए जिम्मेदारियों का निर्धारण और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है।
तीन संस्थाओं के समन्वय से आयोजन
बिहार ओलंपिक संघ, खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त समन्वय से आयोजित होने वाला यह खेल महाकुंभ राज्य में खेल संस्कृति को नई दिशा देने की पहल है।
इसका उद्देश्य विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बड़ा मंच उपलब्ध कराने के साथ राज्य की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना भी है। आयोजन की तैयारियों से जुड़े अधिकारियों का जोर प्रतियोगिताओं के सुचारु संचालन और खिलाड़ियों को बेहतर अनुभव देने पर है।
बिहार स्टेट गेम्स केवल पदकों और मुकाबलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह राज्य की खेल आयोजन क्षमता, बेहतर प्रबंधन और खिलाड़ियों के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करने का भी अवसर बनेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।