Bihar Politics: बिहार में चुनाव से पहले नेता बदलने लगे दल, कांग्रेस ही नहीं RJD और BJP में भी हलचल
जन सुराज पार्टी के विकास सिंह और मंटू कुमार सिंह ने भाजपा की सदस्यता ली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि भाजपा की नीतियों से युवा आकर्षित हो रहे हैं। वहीं राजद में कई नेताओं ने सदस्यता ग्रहण की। राजद का दावा है कि वे लोकतंत्र और वोट के अधिकार को बचाने के लिए भाजपा छोड़कर आए हैं और Patna City में विकास करेंगे।

राज्य ब्यूरो, पटना। जन सुराज पार्टी (जसुपा) के पश्चिम चंपारण प्रभारी विकास सिंह और गोपालगंज जिला की सफापुर पंचायत के मुखिया मंटू कुमार सिंह ने मंगलवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. दिलीप जायसवाल ने दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
जायसवाल ने कहा कि भाजपा की नीतियों और सिद्धांतों के कारण बड़ी संख्या में युवा उसकी ओर आकर्षित हो रहे हैं। विकास सिंह और मंटू सिंह के भाजपा में आने से गोपालगंज में भाजपा मजबूत होगी, जिसका लाभ पार्टी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीति को सेवा मानकर कार्य करती है।
मंडल-साहू ने दर्जनों को दिलाई राजद की सदस्यता
विभिन्न दलों के छोटे-बड़े नेताओं-कार्यकर्ताओं को राजद अपने पाले में लाने के लिए निरंतर लगा हुआ है। मंगलवार को ऐसे ही दर्जनों नेताओं-कार्याकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय में राजद की लालटेन उठा ली। प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल और प्रधान महासचिव रणविजय साहू ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। भोला प्रसाद साह, आकाश पासवान, दीपक सिंह राजपूत, विनोद राम, अरुण साह, सुमन नाथ ठाकुर, आदित्य राज, रणधीर कुमार साह, विनोद ठाकुर, चंदन राय, विद्यानंद राय, समीर राणा आदि ने सदस्यता ली है।
राजद का दावा है कि वे सभी लोकतंत्र और वोट के अधिकार को बचाने के लिए भाजपा छोड़कर आए हैं। मंडल ने कहा कि मतदाता-सूची से जिस तरह 65 लाख लोगों के वोट काटे गए हैं, उससे ये लोग समझ गए हैं कि लोकतंत्र को बचाने के लिए सामाजिक न्याय की धारा के साथ एकजुट होना होगा।
साहू ने कहा कि राजद एक ऐसा बिहार बनाने के प्रति संकल्पित है, जिसमें सभी को मान-सम्मान मिले। वह सरकार नौकरी-रोजगार के साथ विकास को नया आयाम देने वाली होगी। प्रदेश उपाध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन राही, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद, व्यवसायी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद आदि मिलन समारोह में उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।