विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सावधान! Play Store पर मौजूद ट्रेडिंग ऐप भी हो सकता है फर्जी, SEBI ने बताया बचने का तरीका

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:10 AM (IST)

शेयर बाजार में कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर अपराधी लोगों को फर्जी ट्रेडिंग ऐप और निवेश योजनाओं का शिकार बना रहे हैं।

फर्जी ट्रेडिंग ऐप से बचें, निवेश धोखाधड़ी में 52 करोड़ रुपये की ठगी (AI Generated Image)

फर्जी ट्रेडिंग ऐप से बचें, निवेश धोखाधड़ी में 52 करोड़ रुपये की ठगी (AI Generated Image)

HighLights

  1. साइबर अपराधियों ने निवेश के नाम पर ₹52.38 करोड़ ठगे।

  2. फर्जी आईपीओ, क्रिप्टो और डीपफेक विज्ञापनों का उपयोग।

  3. सेबी ने निवेशकों को ऐप और ब्रोकर सत्यापित करने की सलाह दी।

शुभम कुमार, पटना। शेयर बाजार में कम समय में मोटा मुनाफा कमाने की चाहत लोगों को साइबर अपराधियों का शिकार बना रही है। साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2025 से सितंबर 2026 तक निवेश के नाम पर 52.38 करोड़ रुपये की ठगी हुई।

इसमें जनवरी से सितंबर, 2026 के बीच 27.54 करोड़ रुपये की ठगी दर्ज की गई, जबकि 2025 की समान अवधि में यह राशि 16.58 करोड़ रुपये थी। वर्ष 2025 में निवेश के नाम पर कुल 25.04 करोड़ रुपये की ठगी हुई थी।

एक साल में इस तरह की ठगी में लगभग 65 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, फर्जी आईपीओ और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 16.59 करोड़ रुपये की ठगी हुई।

क्रिप्टो करेंसी और विदेशी शेयर बाजार यानी फारेक्स के नाम पर 5.32 करोड़, पैसे दोगुने करने के नाम पर 4.68 करोड़ और फर्जी कंपनी योजनाओं के नाम पर 3.31 करोड़ रुपये की ठगी की गई।

भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) ने 22 अप्रैल, 2024 की एडवाइजरी में इस तरह के फर्जी निवेश समूह, डीपफेक विज्ञापन, नकली एप और म्यूल बैंक खातों के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी दी थी।

सेबी ने 23 नवंबर, 2026 की ताजा चेतावनी में यह भी बताया है कि अपराधी पंजीकृत ब्रोकर की पहचान, सेबी की वेबसाइट के स्क्रीनशाट, फर्जी लेटरहेड और मुहर का इस्तेमाल करके निवेशकों को भ्रमित कर रहे हैं।

नौ चरणों में बिछाते हैं ठगी का जाल

साइबर अपराधियों का तरीका काफी योजनाबद्ध होता है। सबसे पहले वे फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर बाजार में मोटी कमाई के विज्ञापन देते हैं।

कई बार नामी उद्योगपतियों, वित्तीय विशेषज्ञों और चर्चित हस्तियों के फोटो या डीपफेक वीडियो का इस्तेमाल कर निवेश योजना को भरोसेमंद दिखाया जाता है।

विज्ञापन पर क्लिक करने वाले लोगों को वॉट्सएप या टेलीग्राम के निजी ग्रुप में जोड़ दिया जाता है। वहां कुछ लोग लगातार अपने मुनाफे के स्क्रीनशॉट और बैंक खाते में पैसे आने के फर्जी प्रमाण साझा करते हैं।

इसके बाद निवेशक को वीआईपी ट्रेडिंग ग्रुप, संस्थागत ट्रेडिंग खाते या विशेष आईपीओ आवंटन का लालच दिया जाता है। फिर फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया जाता है।

शुरुआत में छोटी रकम जमा करने पर एप में मुनाफा दिखाया जाता है। रुपये निकालने की कोशिश पर टैक्स, खाता सत्यापन, प्रोसेसिंग शुल्क या सिक्योरिटी मनी के नाम पर अतिरिक्त भुगतान मांगा जाता है। भुगतान नहीं करने पर खाता ब्लॉक कर दिया जाता है और ठग संपर्क तोड़ लेते हैं।

प्ले स्टोर पर होना भी सुरक्षा की गारंटी नहीं

किसी ट्रेडिंग ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसका नाम, डेवलपर और कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट की जांच जरूरी है। ऐप का नाम आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए नाम से मिलना चाहिए। डेवलपर का नाम, ग्राहक सेवा का नंबर, ईमेल और कार्यालय का पता भी सत्यापित करना चाहिए।

सिर्फ गूगल प्ले स्टोर या एपल ऐप स्टोर पर उपलब्ध होने से ऐप के वास्तविक होने की गारंटी नहीं मिलती। सेबी ने निवेशकों को ट्रेडिंग ऐप का सत्यापित बैज देखने और संबंधित एक्सचेंज की अधिकृत ऐप सूची से उसका मिलान करने की सलाह दी है।

किसी अनजान व्यक्ति के भेजे लिंक से एपीके फाइल डाउनलोड करना बेहद जोखिम भरा है। ऐसी फाइल के जरिये मोबाइल में हानिकारक सॉफ्टवेयर पहुंच सकता है, जिससे निजी जानकारी और बैंकिंग गतिविधियों पर खतरा पैदा हो सकता है।

सेबी रजिस्ट्रेशन और बैंक खाते की करें जांच

निवेश से पहले यह देखना जरूरी है कि संबंधित ब्रोकर सेबी में पंजीकृत है या नहीं। इसके लिए सेबी की आधिकारिक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन की जांच की जा सकती है। इसके साथ एनएसई और बीएसई की वेबसाइट पर अधिकृत स्टॉक ब्रोकर और उनके मोबाइल ऐप की सूची भी देखनी चाहिए।

सेबी ने अक्टूबर 2025 से पंजीकृत वित्तीय मध्यस्थों के लिए वैलिडेटेड यूपीआई हैंडल और सेबी चेक सुविधा शुरू की है। इसके माध्यम से निवेशक यूपीआई आईडी और बैंक खाते के विवरण का सत्यापन कर सकते हैं।

निवेश की रकम किसी अनजान व्यक्ति, निजी खाते या असंबंधित कंपनी के खाते में नहीं भेजनी चाहिए। कंपनी की वेबसाइट पर दिए गए नंबर के बजाय स्वतंत्र रूप से सत्यापित संपर्क विवरण से ही ब्रोकर से बात करनी चाहिए।

इन बातों से पहचानें फर्जी ट्रेडिंग ऐप

पटना साइबर थाना के डीएसपी संगीता कुमारी ने बताया कि निश्चित या गारंटीड मुनाफे का दावा, कम समय में रकम दोगुनी करने का वादा, अनजान वॉट्सएप-टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ना, तीसरे व्यक्ति के बैंक खाते में भुगतान मांगना, निजी लिंक से ऐप डाउनलोड कराना और निकासी के लिए अलग से टैक्स या सिक्योरिटी फीस मांगना ठगी के प्रमुख संकेत हैं।

किसी भी ट्रेडिंग एप पर दिख रहे मुनाफे को वास्तविक कमाई नहीं मानना चाहिए। वास्तविक ट्रेडिंग में बाजार का जोखिम होता है और कोई भी अधिकृत ब्रोकर निश्चित लाभ की गारंटी नहीं देता।

यह भी पढ़ें- बिहार के बैंक खातों में साइबर ठगी का पैसा, पटना जिला सबसे आगे 

यह भी पढ़ें- PNB और SBI में मिले 55000 से ज्यादा संदिग्ध बैंक खाते, पटना में सबसे ज्यादा 14644 अकाउंट; बिहार पुलिस लेगी एक्शन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।