विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के बैंक खातों में साइबर ठगी का पैसा, पटना जिला सबसे आगे 

Published: Sat, 14 Nov 2026 08:20 PM (IST)

बिहार में साइबर ठगी की कुल 72.53 करोड़ रुपये की राशि बैंकों में जमा है, जिसमें से सर्वाधिक 13.81 करोड़ रुपये पटना जिले के खातों में पाए गए हैं।

सांकेतिक फोटो

सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. बिहार में 72.53 करोड़ रुपये की साइबर ठगी राशि जमा।

  2. पटना के बैंक खातों में सर्वाधिक 13.81 करोड़ रुपये मिले।

  3. पीएनबी, एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया में 50% से अधिक राशि।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में साइबर ठगी की सर्वाधिक करीब 20 प्रतिशत राशि पटना जिले के बैंक खातों में जमा है। इसके बाद सिवान दूसरे और पूर्वी चंपारण तीसरे स्थान पर है।

साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई (सीसीएसयू) की रिपोर्ट के अनुसार, अभी राज्य के विभिन्न बैंकों में 72 करोड़ 53 लाख रुपये की साइबर ठगी से जुड़ी राशि जमा है। इसमें 13 करोड़ 81 लाख की राशि पटना में जमा है।

इसके बाद सिवान में तीन करोड़ 82 लाख, पूर्वी चंपारण में तीन करोड़ 54 लाख, मुजफ्फरपुर में तीन करोड़ 31 लाख और भोजपुर में दो करोड़ 98 लाख की राशि जमा है।

सीसीएसयू ने जिलावार के अलावा बैंकवार भी ठगी की जमा राशि के हिसाब से सूची बनाई है। साइबर ठगी की सर्वाधिक राशि पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं में पाई गई हैं।

इन तीनों बैंकों में ही 50 प्रतिशत से अधिक ठगी की राशि जमा पाई गई है, जो संदिग्ध म्यूल खातों में जमा है। एसबीआइ में सर्वाधिक 13.71 करोड़, पीएनबी में 11.62 करोड़ और बैंक आफ इंडिया में करीब 11 करोड़ की ठगी की राशि जमा पाई गई है।

7728 ऐसे खाते, जिनके विरुद्ध दो से अधिक शिकायतें 

सीसीएसयू ने राज्य भर में एक लाख से अधिक संदिग्ध म्यूल खाते चिह्नित किए हैं। इनमें 7728 ऐसे बैंक खाते हैं, जिनके विरुद्ध साइबर ठगी मामले में दो से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं। इनमें भी सर्वाधिक 296 खाते पटना में हैं। इन खातों में भी पीएनबी, एसबीआइ और बैंक आफ इंडिया के सर्वाधिक खाते हैं।

दूध के पैकेट और बिजली बिल के जरिए जागरूकता

साइबर अपराध से बचने के लिए सीसीएसयू सुधा डेयरी के दूध के पैकेट और बिजली बिल के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहा है। सुधा दूध के पैकेट पर 'साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर काल करें' अंकित किया गया है, जो प्रतिदिन करीब 20 लाख लोगों तक पहुंच रहा है।

इसके अलावा हैकाथन का भी आयोजन कराया जा रहा है। इसमें 153 टीम ने भाग लिया। कई स्तर पर इसका आयोजन किया जा रहा है। 28 नवंबर को इसका अंतिम परिणाम सामने आएगा।

सबसे अधिक साइबर ठगी वाले जिले

जिला ठगी की राशि
पटना 13.81 करोड़
सिवान 3.82 करोड़
पूर्वी चंपारण 3.54 करोड़
मुजफ्फरपुर 3.31 करोड़
भोजपुर 2.98 करोड़
रोहतास 2.68 करोड़
गया 2.67 करोड़
भागलपुर 2.58 करोड़
पूर्णिया 2.40 करोड़
पश्चिम चंपारण 2.23 करोड़

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।