PNB और SBI में मिले 55000 से ज्यादा संदिग्ध बैंक खाते, पटना में सबसे ज्यादा 14644 अकाउंट; बिहार पुलिस लेगी एक्शन
बिहार पुलिस ने 1.09 लाख संदिग्ध म्यूल बैंक खातों की पहचान की है, जिनमें 72.53 करोड़ रुपये जमा हैं, और ...और पढ़ें
-1794578656640_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार पुलिस ने साइबर अपराध में शामिल एक लाख नौ हजार संदिग्ध म्यूल बैंक खातों को चिह्नित किया है, जिनमें 72 करोड़ 53 लाख की राशि जमा है।
इन म्यूल खातों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शुक्रवार से साइबर प्रहार अभियान 5.0 शुरू किया गया है। इनमें सबसे ज्यादा पटना जिले में 14 हजार 644 बैंक खाते हैं।
इसके अलावा गया में छह हजार 172, मुजफ्फरपुर में चार हजार 244, नालंदा में चार हजार 146, भागलपुर में चार हजार 197, पश्चिम चंपारण में तीन हजार 945, सिवान में तीन हजार 859, वैशाली में तीन हजार 441 और औरंगाबाद में तीन हजार 326 म्यूल बैंक खाते हैं।
साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के आईजी रंजीत कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही पटना जिले में एक और साइबर थाना स्थापित किया जाएगा।
राज्य में एक लाख नौ हजार संदिग्ध म्यूल खाताें में आधे से अधिक खाते पंजाब नेशनल बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं में हैं।
पीएनबी में 29 हजार 931 जबकि एसबीआइ में 25 हजार 950 म्यूल खाते चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा बैंक आफ इंडिया, सेंट्रल बैंक, बैंक आफ बड़ौदा, यूनियन बैंक, यूको बैंक, इंडियान बैंक, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, बंधन बैंक और कैनरा बैंक में भी संदिग्ध म्यूल खाते चिह्नित किए गए हैं।
सितंबर-अक्टूबर में 121 करोड़ की ठगी, 36.94 करोड़ होल्ड
आईजी ने बताया कि सितंबर और अक्टूबर महीने में बिहार में साइबर अपराध की 47 हजार 659 शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज शिकायतों की संख्या पांच लाख 69 हजार 160 है।
बिहार में 121 करोड़ 26 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी की गई, जिसमें 36 करोड़ 94 लाख रुपये को होल्ड करा लिया गया है। यह कुल साइबर फ्रॉड की राशि का 30.46 प्रतिशत है।
इसमें आठ करोड़ चार लाख रुपये रिफंड भी किया जा चुका है। इस दौरान राष्ट्रीय स्तर पर तीन हजार 503 करोड़ रुपये की राशि साइबर ठगी की गई है।
इसमें 993 करोड़ रुपये होल्ड कराए गए, जो ठगी गई कुल राशि का 28.35 प्रतिशत है। इसमें 57 करोड़ रुपये अब तक लोगों को लौटाए गए हैं।
इस तरह बिहार राशि को होल्ड कराने में राष्ट्रीय औसत से आगे है। बिहार में साइबर ठगी से संबंधित 11 लाख 40 हजार फोन कॉल आई है।
पांच हजार से अधिक म्यूल खाते कराए गए बंद
साइबर प्रहरार-4.0 और 4.1 के अंतर्गत पांच हजार से अधिक म्यूल खाते बंद कराए गए हैं। पहले अभियान में तीन हजार 177 संदिग्ध म्यूल खातों को चिह्नित कर 15 प्राथमिकी दर्ज की गई और सात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया जबकि 448 साइबर अपराधियों को नोटिस दिया गया।
इसी तरह प्रहार- 4.1 के अंतर्गत बिहार में शामिल 1226 संदिग्ध म्यूल एकाउंट को चिह्नित किया गया जबकि 17 प्राथमिकी दर्ज की गई और 12 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा छह सिम बिक्रेता (पीओएस) को गिरफ्तार किया गया है। वहीं 385 मोबाइल सिम और 442 मोबाइल सेट को ब्लाक कराया गया है।
उन्होंने कहा कि सितंबर से अक्टूबर के बीच सोशल मीडिया पर 2172 आपत्तिजनक पोस्ट को टेक-डाउन कराया गया तथा 549 सोशल मीडिया खाते को डिलीट कराया गया है।
यह भी पढ़ें- बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल: सात साल बाद चार जोन में बंटेगा पूरा सिस्टम, पटना समेत 4 शहरों में IG-DIG की होगी तैनाती
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।