बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल: सात साल बाद चार जोन में बंटेगा पूरा सिस्टम, पटना समेत 4 शहरों में IG-DIG की होगी तैनाती
बिहार पुलिस में सात साल बाद जोनल व्यवस्था फिर से लागू की जा रही है, जिसके तहत पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा ...और पढ़ें

सात साल बाद बदलेगा बिहार पुलिस का प्रशासनिक ढांचा
HighLights
सात साल बाद बिहार पुलिस में जोनल व्यवस्था लागू।
पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर में IG-DIG की तैनाती।
पुलिस प्रशासन को व्यवस्थित करने के लिए 20 नए पद सृजित।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में पुलिस प्रशासन की व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। करीब सात साल बाद राज्य में एक बार फिर जोनल यानी प्रक्षेत्रीय व्यवस्था लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर में अब आइजी के साथ डीआइजी की भी तैनाती होगी। गृह विभाग ने नई व्यवस्था को लागू करने के लिए चार डीआइजी समेत कुल 20 नए पदों का सृजन किया है।
नई व्यवस्था के तहत बिहार के 12 पुलिस रेंज को चार जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन के अंतर्गत तीन-तीन पुलिस क्षेत्र रखे गए हैं। वहीं, रेल पुलिस क्षेत्र को इस व्यवस्था से अलग स्वतंत्र रखा जाएगा। सरकार का उद्देश्य पुलिस प्रशासन को अधिक व्यवस्थित बनाने और कानून-व्यवस्था की निगरानी को मजबूत करना है।
सात साल बाद बदलेगा बिहार पुलिस का प्रशासनिक ढांचा
बिहार पुलिस में करीब सात साल पहले समाप्त की गई जोनल व्यवस्था को फिर से लागू करने की तैयारी है। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर में चार पुलिस जोन का पुनर्गठन किया गया है।
इन चारों जोन में पुलिस महानिरीक्षक (IG) स्तर के कार्यालय स्थापित किए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक जोन मुख्यालय में डीआइजी की भी प्रतिनियुक्ति होगी। इससे पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का नए सिरे से बंटवारा होगा।
पटना से भागलपुर तक चार जोन में बंटेंगे 12 पुलिस रेंज
नई व्यवस्था के तहत राज्य के 12 पुलिस रेंज को चार प्रक्षेत्रों में बांटा गया है। प्रत्येक प्रक्षेत्र के अंतर्गत तीन-तीन पुलिस क्षेत्र रखे गए हैं।
चारों जोन के मुख्यालय पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर होंगे। हालांकि, रेल क्षेत्र को इससे अलग स्वतंत्र व्यवस्था के तहत रखा जाएगा। इस बदलाव से क्षेत्रीय स्तर पर पुलिस प्रशासन की निगरानी और समन्वय को व्यवस्थित करने की योजना है।
पहले से स्वीकृत IG पदों का भी हुआ पुनर्गठन
गृह विभाग के आदेश के अनुसार, पहले से स्वीकृत आइजी के पांच पदों में से कुछ का स्थानांतरण किया गया है। केंद्रीय क्षेत्र पटना, तिरहुत क्षेत्र मुजफ्फरपुर और मिथिला क्षेत्र दरभंगा के आइजी पदों को संबंधित जोन के आइजी कार्यालय के रूप में स्थानांतरित किया गया है।
वहीं, पूर्णिया रेंज के आइजी पद को भागलपुर जोन को दिया गया है। दूसरी ओर, मगध रेंज गया के आइजी पद को पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआइजी) के पदनाम से अधिसूचित किया गया है।
बेगूसराय में भी खुलेगा डीआइजी का नया कार्यालय
पुलिस प्रशासन के पुनर्गठन के तहत बेगूसराय में भी डीआइजी कार्यालय के संचालन की तैयारी है। इसके लिए नए पदों का सृजन किया गया है।
गृह विभाग के आदेश में कुल 20 नए पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें चार डीआइजी, चार एसपी (बिहार पुलिस सेवा के स्टाफ ऑफिसर कोटि), चार सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, एक प्रशाखा पदाधिकारी, तीन सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, दो उच्च वर्गीय लिपिक और दो निम्नवर्गीय लिपिक के पद शामिल हैं।
नए पदों पर हर साल खर्च होंगे 3.46 करोड़ रुपये
नई जोनल व्यवस्था के लिए बनाए गए पदों में चार डीआइजी पद और चार एसपी स्तर के पद प्रमुख हैं। एसपी स्तर के एक-एक पद चारों जोनल कार्यालयों में रखे जाएंगे।
शेष पदों का उपयोग बेगूसराय स्थित डीआइजी कार्यालय के संचालन के लिए किया जाएगा। इन सभी नए पदों पर वेतन और भत्ते के रूप में सरकार को सालाना करीब 3 करोड़ 46 लाख रुपये खर्च करने होंगे।
वरीय डीएसपी के चार पद भी जोनल कार्यालयों को मिलेंगे
जोनल व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय में पहले से स्वीकृत वरीय पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के चार पद भी जोनल कार्यालयों को स्थानांतरित किए जाएंगे।
इससे चारों जोन के कार्यालयों में प्रशासनिक कामकाज को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। करीब सात साल बाद हो रहे इस बदलाव से बिहार पुलिस के क्षेत्रीय प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण परिवर्तन देखने को मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।