विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तांबा और मैग्नेटाइट से चमकेगी बिहार की किस्मत: 5.5 करोड़ टन खनिज की होगी नीलामी, युवाओं को मिलेगा रोजगार

Published: Sun, 29 Nov 2026 01:17 PM (IST)

बिहार मंत्रिमंडल ने जमुई के मैग्नेटाइट और बांका के कॉपर-लेड-जिंक ब्लॉकों की ई-नीलामी को मंजूरी दी है। 

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. जमुई, बांका खनिज ब्लॉकों की ई-नीलामी को मंत्रिमंडल की मंजूरी।

  2. राज्य को राजस्व, निवेश और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

  3. जमुई में मैग्नेटाइट, बांका में तांबा-सीसा-जस्ता के भंडार।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में खनिज संपदा के व्यावसायिक दोहन के साथ राज्य के लिए राजस्व और निवेश के नए अवसर खुलेंगे।

जमुई के मजोस एवं भंटा मैग्नेटाइट तथा बांका के पिंडारा कापर-लेड-जिंक ब्लॉक की ई-नीलामी का रास्ता साफ हो गया है।

मंत्रिमंडल ने दोनों खनिज ब्लाकों के अनुमानित संसाधनों का मूल्यांकन करने की पद्धति, आरक्षित मूल्य और नीलामी की समय सीमा तय करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।

रोजगार के बढ़ेंगे अवसर

इन ब्लॉकों की नीलामी से राज्य को खनन पट्टा देने के एवज में राजस्व प्राप्त होगा। इसके साथ ही खनन क्षेत्र में निजी निवेश आकर्षित होने, खनिज आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है।

खनिजों का व्यावसायिक उत्पादन शुरू होने से परिवहन, प्रसंस्करण और अन्य सहायक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है।

खान एवं भू-तत्व विभाग के अनुसार जमुई के मजोस एवं भंटा ब्लाक में करीब 5.48 करोड़ मीट्रिक टन मैग्नेटाइट का अनुमानित भंडार है।

वहीं, बांका के पिंडारा ब्लॉक में 3.49 लाख मीट्रिक टन तांबे के साथ लेड और जिंक के संसाधन चिह्नित किए गए हैं। दोनों ब्लाकों का अन्वेषण जी-2 स्तर तक किया जा चुका है।

दोबारा होगी नीलामी

मजोस एवं भंटा ब्लॉक की पहले भी नीलामी की कोशिश हुई थी, लेकिन इस वर्ष 11 फरवरी को नीलामी समिति की बैठक में कोई बोली नहीं मिलने के कारण प्रक्रिया रद करनी पड़ी थी।

अब इसकी दोबारा नीलामी होगी। पिंडारा ब्लॉक पहली बार नीलाम होगा। इसके लिए आरक्षित मूल्य कुल अनुमानित संसाधन मूल्य का पांच प्रतिशत तय किया गया है।

संसाधनों का मूल्यांकन खान एवं भू-तत्व विभाग करेगा। नीलामी से खनन पट्टा जारी करने तक की प्रक्रिया केंद्र सरकार के निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बिहार में खनिज बंदोबस्तधारियों के लिए खनन योजना जमा करने की डेडलाइन तय, देरी पर लगेगा भारी जुर्माना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।