विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Huma Qureshi: 'राजनीत‍ि की महारानी' को लगा चटनी का चटखारा, चुनाव से एक दिन पहले पटना में की खास अपील

By Akshay PandeyEdited By: Vyas Chandra
Published: Wed, 05 Nov 2025 05:03 PM (IST)

हुमा कुरैशी, जिन्होंने 'महारानी' में रानी भारती का किरदार निभाया, बिहार के जायकों और संस्कृति की प्रशंसा करती हैं। उन्होंने ...और पढ़ें

दैनिक जागरण कार्यालय में अभिनेत्री हुमा कुरैशी। जागरण

दैनिक जागरण कार्यालय में अभिनेत्री हुमा कुरैशी। जागरण

HighLights

  1. हुमा ने बिहार के जायकों की प्रशंसा की

  2. चुनाव में मतदान करने की अपील की

  3. महिला सशक्तिकरण का समर्थन किया

अक्षय पांडेय, पटना। ओटीटी की 'महारानी' और 'महारानी' की 'रानी भारती' हुमा कुरैशी भले खुद को कम राजनीतिक समझ वाली अभिनेत्री बताएं, पर चटखारे लेकर बिहार की चटनी, चोखा और दाल के जायके की प्रशंसा करते नहीं थकतीं।

21 वर्ष पहले देखी किशनगंज की हरियाली का सुकून मन में लिए हुमा को छठ का स्मरण मात्र हर्षित कर देता है। देश की बेटियों को विश्व कप उठाते देख भावुक होने वाली अभिनेत्री कहती हैं कि मेरे अंदर यह अच्छा है कि मुझे अपने अज्ञान की जानकारी है।

महिला सशक्तीकरण की वकालत करने वाली हुमा ने बुधवार को दैनिक जागरण के पटना कार्यालय में विशेष बातचीत में बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जनता को संदेश दिया कि घरों से निकलें, अच्छी सरकार चुनें।

महारानी के रोल से हुमा ने बटोरी वाहवाही

बिहार के परिदृश्य पर बनी महारानी में रानी भारती का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री पहली बार पटना आईं, तो राज्य लोकतंत्र के पर्व के उत्साह में डूबा है।

वे प्रदेशवासियों को मत का महत्व समझाते हुए कहती हैं, घर से निकलिए। लोकतंत्र के पर्व में शामिल होइए और मजबूत सरकार चुनिए। राजनीति की समझ से जुड़ा प्रश्न पूछने पर तपाक से बोल पड़ती हैं, इस विधा में मेरी जानकारी ऊपर-ऊपर की है।

मैं राजनीति से ज्यादा व्यावहारिक समझ पर विश्वास रखती हूं। कुछ अपने से करने की कोशिश करती हूं।

हुमा ये भी बड़े गुमान से कहती हैं कि भले मुझे बिहार के विषय में कम जानकारी हो, पर इस प्रदेश से मेरा रूहानी रिश्ता है। 18 वर्ष की उम्र में एक लघु फिल्म के सिलसिले में दिल्ली में पली-बढ़ीं हुमा किशनगंज आई थीं।

कहती हैं, वह दौर अभी भी याद है। तब यहां समय कम दिया था, पर बड़े ही शानदार लोगों से मिलने का अवसर मिला था।

DJ

 ये गंवारन बनेगी पीएम....

'देखना ये गंवारन एक दिन प्रधानमंत्री बनेगी' देश में राजनीति को रुचिकर बनाने वाली वेब सीरीज महारानी का ये डायलाग हुमा का सबसे पसंदीदा है। ये डायलाग पटना के अभिनेता विनीत कुमार का है। हुमा कहती हैं, विनीत क्या शानदार काम करते हैं।

वे इस वेब सीरीज के निर्माण से पहले का एक शानदार किस्सा सुनाती हैं, कहती हैं, जब महारानी में रानी भारती के किरदार को निभाने की बात आई, तो लोगों ने कहा मुंबई-दिल्ली की चमक-दमक में रहने वाली लड़की बिहार को कैसे दिखाएगी। मैं रानी भारती के किरदार को दिखाती हुई साड़ी-सिंदूर लगाकर सामने आई, तो उन्हीं लोगों ने कहा, यही है रानी।

देश बिहार की लिट्टी तक सीमित है। हुमा के मुंह में पानी लिट्टी की साझेदार चटनी और चोखा लाते हैं। जायके का जिक्र आते ही वे बिहार की प्रशंसा के पुल बांधती हैं। कहती हैं, कितने तरीके की दाल होती है, मुझे बिहार में आकर पता चला।

चटनी की विविधता की बात ही अलग है। उन्हेंं मुंबई के जुहू का छठ भी याद है। कहती हैं, हल्की ठंड में शुरू होने वाला वो उत्साहित मंजर देखने लायक होता है। वो पूजा की थाली, साड़ी और सिंदूर अपने ओर आकर्षित करते हैं।

बहनों को ट्राॅफी उठाते देख आए खुशी के आंसू 

हुमा बहुत खेल की शौकीन तो नहीं हैं, पर भारतीय बेटियां बल्ला लेकर मैदान पर आईं, तो अभिनेत्री ने हौसला देने में कसर नहीं छोड़ी। हुमा कहती हैं, महिला वनडे विश्वकप के खिताबी मुकाबले के दिन फिल्म का प्रचार छोड़, टीवी का पकड़ लिया।

मैं और मेरे भाई ने पूरा मुकाबला देखा। अपनी बहनों ने ट्राफी उठाई, तो हम दोनों की आंखें आंसू से भर गईं। लड़कियों ने जो किया, वो रोंगटे खड़े कर देना वाला था।

हुमा कहती हैं कि मैं किसी एक वर्ग की नहीं, देश की हर विधा में महिला सशक्तीकरण की पैरवी करती हूं। लड़की हो या लड़का, अंतर नहीं होना चाहिए। औरत पढ़ेगी, तो पूरा घर शिक्षित होगा।