Lok Sabha Election 2024: बिहार में लोकसभा चुनाव 2024 में कितना खर्च हुआ? चौंकाने वाला आंकड़ा आया सामने
बिहार में लोकसभा चुनाव 2024 में 800 करोड़ से अधिक रुपये खर्च किए गए। यह खर्च पिछले पांच सालों की तुलना में 244.58 करोड़ रुपये अधिक है। 2019 के लोकसभा चुनाव में सरकार ने 579.42 करोड़ रुपये खर्च किए थे। इस बार के चुनाव में 77462 बूथों पर मतदान कराया गया और प्रति विधानसभा क्षेत्र में औसतन 2.92 करोड़ रुपये खर्च हुए।
राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar News: बिहार में लोकसभा चुनाव 2024 को संपन्न कराने में 824 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। पिछले पांच सालों की तुलना में खर्च में करीब 244.58 करोड़ की वृद्धि हुई है। 2019 का लोकसभा चुनाव कराने में सरकार का कुल 579.42 करोड़ खर्च हुआ था। हालांकि अभी तक वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र और पश्चिम चंपारण लोकसभा क्षेत्र में होने वाले खर्च रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि राज्य में लोकसभा चुनाव 2024 में 77462 बूथों पर मतदान कराया गया है। इस पर कुल 824 करोड़ खर्च हुआ है। वाल्मीकिनगर और पश्चिम चंपारण लोकसभा क्षेत्र के चुनाव खर्च को छोड़कर शेष 38 लोकसभा क्षेत्र के कुल 234 विधानसभा क्षेत्रों पर औसतन 2.92 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
अभी दो लोकसभा क्षेत्रों को नौ विधानसभा क्षेत्रों के चुनावी खर्च आने पर राशि में और वृद्धि हो जाएगी। पिछले लोकसभा चुनाव से इस बार के लोकसभा चुनाव में औसतन 67 लाख प्रति विधानसभा में चुनाव की राशि में वृद्धि दर्ज की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि विधानसभा वार औसत खर्च 2.92 करोड़ से कम करने वाले 16 जिले हैं जिन्होंने औसत से कम राशि खर्च की है।
इसमें शेखपुरा, बांका, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सारण, कटिहार, सीतामढ़ी, वैशाली, अरवल, नालंदा, कैमूर, भोजपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी सम्मिलित हैं। इन जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी को वित्तीय अनुशासन के लिए मुख्य सचिव ने प्रशंसा पत्र दिया है।
पढ़िए पूरा हिसाब-किताब
रिपोर्ट में बताया गया है प्रति विधानसभा चुनाव खर्च में वृद्धि की मुख्य वजह मतदान कर्मियों के मानदेय में 30-40 प्रतिशत की वृद्धि, अधिग्रहित वाहनों के मुआवजे में 25-40 प्रतिशत की वृद्धि, वाहन ईंधन दर में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि, मतदान केंद्रों की संख्या में आठ प्रतिशत की वृद्धि, अर्धसैनिक बलों की प्रतिनियुक्ति में 70 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
वेबकास्टिंग वाले मतदान केंद्रों में 400 प्रतिशत की वृद्धि, मतगणना और चेकपोस्ट स्थलों पर शतप्रतिशत सीसीटीवी की स्थापना, पांच वर्षों के अंतराल के दौरान सभी सामग्री की दरों में वृद्धि, मतदान दल के डिस्पैच केंद्रों पर अलग-अलग टेंट शामियाना की व्यवस्था और 2019 की अपेक्षा अधिक गर्मी में चुनाव कराने को लेकर टेंट की व्यवस्था प्रमुख कारण है।
बिहार में 7 चरणों में हुए थे चुनाव?
- पहला चरण : 19 अप्रैल 2024 को बिहार की 4 सीटों पर वोटिंग हुई।
- दूसरा चरण : 26 अप्रैल 2024 को बिहार की 5 सीटों पर मतदान हुआ।
- तीसरा चरण : 7 मई 2024 को बिहार की 5 सीटों पर मतदान हुआ।
- चौथा चरण : 13 मई 2024 को बिहार की 5 सीटों पर वोटिंग हुई।
- पांचवां चरण : 20 मई 2024 को बिहार की 5 सीटों पर वोट डाले गए।
- छठवां चरण : 25 मई 2024 को बिहार की 8 सीटों पर मतदान किया गया।
- सातवां चरण : 1 जून 2024 को बिहार की 8 सीटों पर वोट डाले गए।
ये भी पढ़ें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।