जेईई एडवांस में पटना के ज्ञान प्रकाश सेकेंड व नालंदा के अर्जुन वर्मा जोन टॉपर में चौथे स्थान पर
आइआइटी कानपुर ने सोमवार सुबह नौ बजे ही जेईई एडवांस 2025 का रिजल्ट जारी कर दिया। कनिष्क चक्रवर्ती आल इंडिया 161 रैंक हासिल कर गुवाहाटी जोन के टापर बने हैं। आल इंडिया 471 रैंक हासिल कर पटना के ज्ञान प्रकाश जोन के सेकेंड टापर बने हैं। लड़कियों में गुवाहाटी जोन से सौम्या श्रेयसी (आल इंडिया रैंक 581) टॉपर रहीं।

जागरण संवाददाता, पटना। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) में नामांकन के लिए आइआइटी कानपुर ने सोमवार सुबह नौ बजे ही जेईई एडवांस 2025 का रिजल्ट जारी कर दिया। इसमें गुवाहाटी जोन का प्रदर्शन खराब रहा। टॉप 100 में गुवाहाटी जोन से कोई भी अभ्यर्थी शामिल नहीं है, जबकि 2024 में टाप 100 में दो अभ्यर्थी शामिल हुए थे। जोन में भी बिहार के अभ्यर्थी ने परचम लहराया है।
कनिष्क चक्रवर्ती आल इंडिया 161 रैंक
असम के कनिष्क चक्रवर्ती आल इंडिया 161 रैंक हासिल कर गुवाहाटी जोन के टापर बने हैं। वहीं, आल इंडिया 471 रैंक हासिल कर पटना के ज्ञान प्रकाश जोन के सेकेंड टापर बने हैं। यशवर्धन कटारिया (आल इंडिया रैंक : 478) ने तीसरा, अर्जुन वर्मा (आल इंडिया रैंक: 529) को चौथा एवं नील कमल कुमार (आल इंडिया रैंक: 532) ने पांचवां स्थान हासिल किया है।
अर्णव कुमार की आल इंडिया रैंक 25
लड़कियों में गुवाहाटी जोन से सौम्या श्रेयसी (आल इंडिया रैंक: 581) टॉपर रहीं। बिहार में समस्तीपुर के अर्णव कुमार ने जेईई एडवांस 2025 में आल इंडिया रैंक 25 हासिल कर बिहार का मान बढ़ाया है। हालांकि अर्णव दिल्ली जोन से परीक्षा दिया है। इस कारण इनका रिजल्ट दिल्ली जोन से है। अर्णव की पढ़ाई डीपीएस कोटा और डीपीएस भोपाल से हुई थी। अभ्यर्थी jeeadv.ac.in पर जाकर रिजल्ट देख सकते हैं।
गुवाहाटी जोन से 2743 अभ्यर्थी सफल
आइआइटी कानपुर ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि 1,87,23 अभ्यर्थी ने जेईई एडवांस 2025 के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। परीक्षा में 1,80,422 अभ्यर्थी शामिल हुए। इसमें से 54378 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इसमें 9404 लड़कियां व 44,974 लड़के शामिल हैं। वहीं, आइआइटी गुवाहाटी जोन में 2743 अभ्यर्थी मात्र सफल हुए हैं। पिछले वर्ष से अधिक अभ्यर्थी इस बार सफल हुए हैं।
2024 में गुवाहाटी जोन से 2458 अभ्यर्थी सफल हुए थे
2024 में गुवाहाटी जोन से 2458 अभ्यर्थी मात्र सफल हुए थे। जेईई एडवांस 2025 परीक्षा की फाइनल आंसर की भी आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जारी कर दी है। इस बार सबसे अधिक अभ्यर्थी हैदराबाद जोन से 12,946, दिल्ली से 11,370 व तीसरे स्थान पर बाम्बे जो से 11,226 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
जोन वाइज सफल अभ्यर्थी
जोन : 2025 में : 2024 में
बाम्बे -11,226: 9480 अभ्यर्थी
दिल्ली - 11,370: 10255 अभ्यर्थी
गुवाहाटी - 2743: 2458 अभ्यर्थी
कानपुर -5295: 4928 अभ्यर्थी
खड़गपुर- 5353: 4811 अभ्यर्थी
हैदराबाद -12,946: 11180 अभ्यर्थी
रुड़की - 5445 : 5136 अभ्यर्थी
आइआइटी गुवाहाटी जोन में आने वाले राज्य
आइआइटी गुवाहाटी जोन में बिहार, असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, सिक्किम, त्रिपुरा आदि राज्य शामिल हैं.
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।