Bihar Flood: बिहार में तबाही मचाने को तैयार गंगा, पटना के कई घाटों पर खतरे के निशान पर जलस्तर
पटना में लगातार बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है। दीघा घाट गांधी घाट और अन्य प्रमुख घाटों पर जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है जिससे किनारे के लोगों की चिंता बढ़ गई है। केंद्रीय जल आयोग ने आगे जलस्तर बढ़ने की संभावना जताई है। गंगा में उफान को देखते हुए स्लुइस गेट बंद कर दिए गए हैं।

जागरण संवाददाता, पटना। लगातार हो रही वर्षा से गंगा व सहायक नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार से रविवार सुबह तक पटना के अलग-अलग घाटों पर जलस्तर 30 सेंटीमीटर तक बढ़ गया।
प्रमुख घाटों पर जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। दीघा घाट पर शाम सात बजे खतरे के निशान 50.45 मीटर को पार कर जलस्तर 50.50 मीटर पर पहुंच गया।
केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट में चार अगस्त की सुबह तक सभी घाटों पर 40 सेंटीमीटर तक पानी बढ़ने की संभावना जताई गई है। सोन का पानी भी बढ़ रहा है, हालांकि पुनपुन का जलस्तर श्रीपालपुर में स्थिर है। गंगा के तेवर देख किनारे व दियारा क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गई है।
जलस्तर में वृद्धि जारी
गांधी घाट, दीघा घाट, मनेर, हाथीदह में गंगा नदी में उफान जारी है। गांधी घाट पर जलस्तर खतरे के निशान से 42 सेंटीमीटर ज्यादा है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार दीघा घाट पर रविवार सुबह जलस्तर खतरे के निशान से 26 सेमी नीचे था।
सोमवार सुबह आठ बजे तक इसमें 41 सेमी बढ़ोतरी होने की संभावना है। गांधी घाट पर 40 सेमी, हाथीदह में 37 सेमी इजाफा होने की संभावना जताई गई है। पुनपुन का पानी खतरे के निशान से 36 सेमी बढ़कर स्थिर है। गंगा में उफान को देखते हुए स्लुइस गेट बंद कर दिए गए हैं ताकि पानी का प्रवाह शहर की ओर नहीं हो।
गंगा का जलस्तर
स्थान | खतरे का निशान (मीटर) | जलस्तर (मीटर) | स्थिति |
---|---|---|---|
दीघा घाट | 50.45 | 50.50 | 0.05 मीटर ऊपर |
गांधी घाट | 48.60 | 49.18 | 0.58 मीटर ऊपर |
मनेर | 52.00 | 52.38 | 0.38 मीटर ऊपर |
हाथीदह | 41.76 | 42.17 | 0.41 मीटर ऊपर |
दानापुर | 51.20 | 51.21 | 0.01 मीटर ऊपर |
बंका घाट | 48.00 | 48.19 | 0.19 मीटर ऊपर |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।