पटना के कंगन घाट पर पहली बार 12 दिवसीय गंगा महोत्सव का आयोजन, श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
पटना के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। विशेष रूप से पटना सिटी के कंगन घाट पर पहली बार 12 दिवसीय गंगा महोत्सव का शुभारंभ।मां गंगा की 41 फीट ऊंची प्रतिमा का निर्माण जोर-शोर से किया जा रहा है।जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।

राधा कृष्ण पटना। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर पटना के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। विशेष रूप से पटना सिटी के कंगन घाट पर पहली बार 12 दिवसीय गंगा महोत्सव का शुभारंभ हुआ, जो 16 जून तक चलेगा।
इस महोत्सव का आयोजन सनातनी गंगा फाउंडेशन और IDPTS के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर मां गंगा की 41 फीट ऊंची प्रतिमा का निर्माण जोर-शोर से किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की भागीदारी
महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की भागीदारी भी देखने को मिलेगी। कंबोडिया से आठ युवा कलाकार विशेष गंगा आरती प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा, 100 नृत्यांगनाएं कथक, ओडिशी, भरतनाट्यम, मोहिनीअट्टम, कथकली, मणिपुरी, कुचिपुड़ी और सत्रीय नृत्य में मां गंगा की आरती उतारेंगी। 11 ऋषि कुमारी एवं 1000 महिलाएं भी इस भव्य आरती में सम्मिलित होंगी।
महोत्सव के दौरान गंगा सफाई के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गंगोत्री से गंगाजल रथ पटना लाया गया है। इस रथ के माध्यम से गंगोत्री से निकले शुद्ध जल और पटना के गंगाजल की गुणवत्ता में अंतर को दर्शाया जाएगा।
महोत्सव में महाभारत के भीष्म पितामह और शक्तिमान के रूप में प्रसिद्ध अभिनेता मुकेश खन्ना की उपस्थिति भी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
गंगा दशहरा के इस पावन अवसर पर पटना के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जिन्होंने गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कंगन घाट पर आयोजित इस महोत्सव ने श्रद्धालुओं के लिए एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभव प्रदान किया।
यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि गंगा नदी की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास भी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।