Bihar Lok Sabha Election Phase IV Voting: दरभंगा में आमने-सामने की लड़ाई
बिहार के दरभंगा लोकसभा सीट पर चौथे चरण में 29 अप्रैल को मतदान संपन्न हुआ। चुनाव मैदान में कुल आठ प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। लड़ाई सीधी दिख रही है।
दरभंगा [जेएनएन]। मिथिलांचल का दरभंगा लोकसभा क्षेत्र की जनता ने एनडीए और महागठबंधन के उम्मीदवारों को देखा, समझा और परखा है। अब घड़ी है फैसले की। पिछले चुनाव के दोनों मुख्य चेहरे कीर्ति आजाद और मो. अली अशरफ फातमी यहां के चुनावी परिदृश्य से गायब हैं। तीसरा कोण बनानेवाले संजय झा की भी सक्रियता इस बार नहीं रही है। एनडीए की ओर से भाजपा के गोपालजी ठाकुर और महागठबंधन की ओर से राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी मैदान में हैं।
मतदाताओं को लेकर दोनों खेमे बेचैन
भाजपा जहां इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखने की चुनौती से जूझ रही, वहीं राजद अपनी परंपरागत सीट को हथियाने की जुगत में लगी है। इलाके में ब्राह्मण, मुस्लिम और यादवों की ठीक ठाक आबादी है। अति पिछड़ा और अनुसूचित जाति के मतदाताओं की भूमिका भी निर्णायक साबित होगी।
कुल छह विधानसभा क्षेत्र हैं दरभंगा में
दरभंगा में कुछ छह विधानसभा क्षेेत्र हैं। दरभंगा शहरी, बेनीपुर और गौराबौराम एनडीए के कब्जे में है, दरभंगा ग्रामीण, अलीनगर और बहादुरपुर राजद के पास है। व्यक्ति विशेष से नफा-नुकसान के आकलन के कारण चुनाव प्रचार के दौरान मुख्य मुद्दे गौण रहे।
कुल आठ प्रत्याशी आजमा रहे किस्मत
दरभंगा में इस बार कुल आठ प्रत्याशी चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा के गोपालजी ठाकुर और राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी के बीच होने की प्रबल संभावना है।
क्या कहते हैं आंकड़े
कुल मतदाता: 1654692
पुरुष : 875952
महिला : 778401
थर्ड जेंडर : 43
कुल मतदान केंद्र : 1664
वर्ष 2014 के नतीजे
कीर्ति आजाद (भाजपा) : 314949
मो. अली अशरफ फातमी (राजद) : 279906
संजय कुमार झा (जदयू) : 104094
जीत-हार का अंतर: 35043
वर्ष 2009 के नतीजे
कीर्ति आजाद (भाजपा) : 239268
मो. अली अशरफ फातमी (राजद): 192815
अजय कुमार जालान (कांग्रेस): 40724
जीत-हार का अंतर: 46453
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।