बेटी की शादी के बाद बदल जाएगा अनंत सिंह का ठिकाना, पहले विदाई; फिर बंगले से बेदखली और आखिर में जेल वापसी
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा में भव्य तरीके ...और पढ़ें

मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह
HighLights
25 नवंबर को शादी: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी लदमा गांव में भव्य समारोह के साथ होगी।
सरकारी बंगला खाली करने का आदेश: अनंत सिंह को 25 नवंबर तक पटना स्थित सरकारी आवास खाली करना है।
4 दिसंबर तक सरेंडर: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह को 4 दिसंबर तक जेल में सरेंडर करना होगा।
डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह इन दिनों सियासी हलचल से ज्यादा अपनी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर चर्चा में हैं। लेकिन इस शाही शादी के जश्न के पीछे उनकी जिंदगी का एक बड़ा कानूनी मोड़ भी खड़ा है।
25 नवंबर को बेटी की शादी होगी, सरकारी बंगला खाली करना होगा और फिर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक जेल में सरेंडर करना पड़ेगा। अनंत सिंह ने भी अपने अंदाज में साफ कर दिया है कि वह अदालत के आदेश से पीछे नहीं हटेंगे।
शादी के बाद न कोई बहाना, न कोई शिकायत!
अनंत सिंह से जब शादी के बाद जेल जाने और सरकारी आवास खाली करने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया। उनका कहना था कि पहले बेटी की शादी की जिम्मेदारी पूरी करेंगे, फिर सरकारी आवास खाली करेंगे और उसके बाद जेल चले जाएंगे।
उन्होंने कहा, "शादी कर लेंगे, घर खाली कर देंगे, फिर अपना हम जेल में जाना है, चले जाएंगे आराम से। जनता मालिक है, वो ध्यान देगी।"
अनंत सिंह ने जनता को सबसे बड़ा निर्णायक बताते हुए कहा कि न्याय का असली फैसला जनता के दरबार में होता है। उनके मुताबिक नेता न्याय नहीं करता, बल्कि जनता ही सबका हिसाब तय करती है।
लदमा में शाही शादी की तैयारी, हजारों नहीं लाखों मेहमानों की चर्चा
25 नवंबर को अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी होनी है। इसके लिए उनके पैतृक गांव लदमा में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। शादी समारोह को यादगार बनाने के लिए करीब 10 बीघा जमीन पर पंडाल तैयार किया जा रहा है।
खबर के मुताबिक, समारोह में करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था करने की तैयारी है। शादी में बिहार के अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों से मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। अनंत सिंह ने तो यहां तक कहा है कि शादी में पूरे हिंदुस्तान और पाकिस्तान को न्योता है।
दामाद को डिफेंडर, घुड़दौड़ में कार का इनाम
इस शादी की चर्चा सिर्फ मेहमानों और भव्य आयोजन तक सीमित नहीं है। दामाद को करीब 2.5 करोड़ रुपये की डिफेंडर गाड़ी उपहार में देने की बात भी सामने आई है।
इसके अलावा शादी समारोह में घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित करने की तैयारी है। इसमें विजेता को करीब 20 लाख रुपये की कार पुरस्कार के रूप में दिए जाने की बात कही गई है। बेटे के उपनयन संस्कार के बाद उसे BMW कार देने की भी चर्चा है।
सुप्रीम कोर्ट का आदेश, 4 दिसंबर तक लौटना होगा जेल
शादी की खुशियों के बीच अनंत सिंह के सामने सबसे बड़ी चुनौती दुलारचंद यादव हत्याकांड से जुड़ा मामला है। इस केस में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द कर दी थी और उन्हें सरेंडर करने का निर्देश दिया था।
पहले सरेंडर की तारीख 1 दिसंबर 2026 बताई गई थी, लेकिन 30 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने बेटी की शादी को देखते हुए समय देने का आदेश दिया। बाद में आदेश की लिखित कॉपी में सरेंडर की अंतिम तारीख 4 दिसंबर दर्ज हुई।
इसका मतलब है कि शादी के बाद मेहमानों की विदाई और दूसरी जिम्मेदारियां पूरी करने के लिए अनंत सिंह को कुछ अतिरिक्त समय मिल गया है।
आखिर क्या है दुलारचंद यादव हत्याकांड?
दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में अनंत सिंह पर गंभीर आरोप लगे थे। बिहार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि, जेल में रहते हुए भी उन्होंने 2025 के विधानसभा चुनाव में मोकामा सीट से जीत दर्ज की।
इसके बाद पटना हाईकोर्ट ने 19 मार्च को उन्हें जमानत दे दी थी। इस जमानत को चुनौती देते हुए याचिकाकर्ता ने उनके खिलाफ दर्ज 67 आपराधिक मामलों का हवाला दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जमानत रद्द कर दी।
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि हत्या के मामले को महज राजनीतिक विवाद बताकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। बिहार सरकार को जांच चार महीने के भीतर पूरी कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश भी दिया गया है।
सरकारी बंगले पर भी संकट, विधानसभा सदस्यता को लेकर सियासत तेज
अनंत सिंह की मुश्किलें सिर्फ जेल वापसी तक सीमित नहीं हैं। बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने उन्हें और नीलम देवी को पटना के मॉल रोड स्थित सरकारी बंगले को 25 नवंबर तक खाली करने का आदेश दिया है।
यानी जिस दिन लदमा में बेटी की शादी होगी, उसी दिन सरकारी आवास खाली करने की समयसीमा भी पूरी हो रही है। दूसरी तरफ जेडीयू ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग की है।
अब सबकी नजर 25 नवंबर से 4 दिसंबर के बीच
अनंत सिंह के सामने फिलहाल तीन बड़ी तारीखें हैं। 25 नवंबर को बेटी की शादी, इसी तारीख तक सरकारी बंगला खाली करने की समयसीमा और 4 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक सरेंडर।
अनंत सिंह ने अपने बयान से यह संदेश देने की कोशिश की है कि वह इन परिस्थितियों को लेकर परेशान नहीं हैं और अदालत के आदेश का पालन करेंगे। अब देखना होगा कि शादी के भव्य आयोजन के बाद उनकी कानूनी और राजनीतिक स्थिति किस दिशा में आगे बढ़ती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।