पटना ने फिर रचा इतिहास, लगातार तीसरी बार बना बिहार का सबसे स्वच्छ शहर; राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में पटना नगर निगम को लगातार तीसरी बार बिहार का 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी' घोषित किया गया, यह सम्मान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदान किया।

पटना ने फिर रचा इतिहास
HighLights
पटना को लगातार तीसरी बार बिहार का स्वच्छ शहर घोषित।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर निगम को सम्मान प्रदान किया।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और नागरिक सहभागिता रही अहम।
राज्य ब्यूरो, पटना। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में पटना नगर निगम को बिहार का स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी घोषित किया गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर निगम को यह सम्मान प्रदान किया।
पटना को लगातार तीसरी बार राज्य में स्वच्छता के क्षेत्र में शीर्ष स्थान मिला है। यह उपलब्धि केवल पटना के लिए गौरव की बात नहीं, बल्कि राज्य के दूसरे नगर निकायों के लिए भी एक संदेश है कि योजनाबद्ध प्रयास और बेहतर प्रबंधन से शहरों की तस्वीर बदली जा सकती है।
स्टार गार्बेज फ्री सिटी का दर्जा
पटना की इस सफलता के पीछे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और नागरिकों की बढ़ती भागीदारी अहम रही है। वर्ष 2023 में वाटर प्लस और एक स्टार गार्बेज फ्री सिटी का दर्जा मिला।
2024 में तीन स्टार गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग के साथ प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर का पुरस्कार हासिल किया। अब लगातार तीसरी उपलब्धि ने इस प्रयास को नई पहचान दी है।
नागरिक सहभागिता अब भी चुनौती
हालांकि, पटना जैसी मेहनत राज्य के दूसरे नगर निकायों में अभी नजर नहीं आ रही है। कई शहरों में कचरा प्रबंधन, नियमित सफाई और नागरिक सहभागिता अब भी चुनौती बनी हुई है। लेकिन यह स्थिति बदलना मुश्किल नहीं है।
नगर निकाय नियमित निगरानी करें, कचरा उठाव की व्यवस्था दुरुस्त करें, पुराने कचरे के निस्तारण को प्राथमिकता दें और लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ें तो परिणाम बेहतर हो सकते हैं। पटना की सफलता बताती है कि थोड़ी अतिरिक्त मेहनत, इच्छाशक्ति और जवाबदेही से दूसरे शहरों के लिए भी स्वच्छता की मंजिल दूर नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।