CM नीतीश कुमार- मल्लिकार्जुन खरगे के बीच फोन पर हुई बातचीत, सीटों के बंटवारे पर विधानसभा चुनाव के बाद होगा फैसला
Bihar Politics कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच शनिवार को हुई बातचीत के बात आईएनडीआईए के घटक दलों के बीच कई दिनों ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, पटना। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच शनिवार को हुई बातचीत के बात आईएनडीआईए के घटक दलों के बीच कई दिनों से जारी संशय समाप्त हो गया है।
दो नवंबर को पटना में आयोजित भाकपा की भाजपा भगाओ, देश बचाओ रैली में मुख्यमंत्री ने आईएनडीआईए के घटक दलों के बीच संवादहीनता और खासकर कांग्रेस की सुस्ती पर अप्रसन्नता व्यक्त की थी।
उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में व्यस्त है और विपक्षी दलों की गतिविधियों में रूचि नहीं ले रही है। अबतक लोकसभा चुनावों के लिए सीटों के बंटवारे पर भी कोई बातचीत नहीं हुई है।
लालू ने कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व को बताई नीतीश की नाराजगी की बात
सूत्रों ने बताया कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने नीतीश कुमार की अप्रसन्न्ता की जानकारी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को दी, इसके बाद खरगे ने शनिवार को फोन कर नीतीश को बताया कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के मतदान के अगले दिन से ही आईएनडीआईए की गतिविधियां तेज हो जाएंगी। समन्वय समिति की बैठक होगी।
सीटों के बंटवारे पर प्रारंभिक बातचीत होगी। खरगे ने विपक्षी दलों की साझा रैली करने की भी मंशा जाहिर की। पहले यह भोपाल में प्रस्तावित थी। किसी कारण से नहीं हो सकी। रैली कहां होगी, इसका निर्णय भी समन्वय समिति की बैठक में लिया जाएगा।
इससे पहले राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और नीतीश कुमार के बीच शुक्रवार की शाम मुख्यमंत्री निवास में बैठक हुई थी। वह भी कांग्रेस की भूमिका पर ही केंद्रित थी। सूत्रों ने बताया कि लालू से बातचीत के दौरान भी नीतीश ने कांग्रेस की सुस्ती की चर्चा की। भाव यह कि यही गति रही तो आने वाले दिनों में परेशानी होगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।