Bihar Weather: बिहार को उमस भरी गर्मी से कब मिलेगी राहत? IMD ने जारी किया चार दिनों का मौसम अपडेट
राज्य में नमी के कारण उमस भरी गर्मी है। पटना समेत 18 जिलों में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। कैमूर और रोहतास में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पिछले 24 घंटों में कई जिलों में बारिश हुई जिसमें किशनगंज में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। अगले चार दिनों में आंधी के साथ बारिश की संभावना है।

जागरण संवाददाता, पटना। राज्य में नमी वाली हवा के कारण उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पटना समेत 18 जिलों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ ही कुछ स्थानों पर आंधी और हल्की बारिश की संभावना है।
राज्य के दो स्थानों कैमूर और रोहतास जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। अगले चार दिनों के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंधी के साथ बारिश की संभावना है।
पिछले 24 घंटे के दौरान किशनगंज, अररिया, गया, भभुआ, पश्चिमी चंपारण, रोहतास, मधुबनी, शेखपुरा, सुपौल में अलग-अलग जगहों पर बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 53.6 मिमी बारिश किशनगंज के तैयबपुर में रिकॉर्ड की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान गोपालगंज में 37.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। राजधानी में 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इन जगहों पर दर्ज की गई बारिश
अररिया के रानीगंज में 34.2 मिमी, गया के गुरारू में 33.2 मिमी, भभुआ के चांद में 28.6 मिमी, किशनगंज के दिघल बैंक में 27.4 मिमी, पश्चिमी चंपारण के चनपटिया में 24.4 मिमी, पटना के पंडारक में 22.8 मिमी, किशनगंज के ठाकुरगंज में 21.2 मिमी, नौहट्टा में 19.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
रोहतास के बाराचट्टी में 19.2 मिमी, पूर्णिया के बैसा में 16.2 मिमी, बोधगया में 14.6 मिमी, बांका के शंभूगंज में 14.4 मिमी, मुंगेर के तारापुर में 14 मिमी, जमुई के खैरा में 12.8 मिमी, जमुई में 12.6 मिमी और मधुबनी के पंडौल में 12.4 मिमी बारिश हुई।
शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
---|---|---|
पटना | 33.7 | 28.2 |
गया | 32.0 | 24.8 |
भागलपुर | 32.0 | 27.1 |
मुजफ्फरपुर | 34.0 | 27.5 |
तापमान डिग्री सेल्सियस में |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।