Bihar Politics: बिहार की पॉलिटिक्स में सब ठीक? अचानक BJP के कद्दावर नेता से मिलने पहुंचे चिराग पासवान
लोजपा (रामविलास) अध्यक्ष चिराग पासवान ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से दिल्ली में मुलाकात की जिसमें बिहार विधानसभा चुनाव पर चर्चा हुई। चिराग ने बिहार में मुफ्त बिजली योजना की सराहना की और अपराधियों के बढ़ते मनोबल पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था गंभीर रूप से बिगड़ी हुई है और प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए।

राज्य ब्यूरो, पटना। लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने गुरुवार को पटना से करीब 1 हजार किलोमीटर दूर दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से भेंट की।
इस दौरान बिहार विधानसभा चुनाव से जुड़े मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। इस आशय की जानकारी पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभौरी कुंदन कुमार ने दी। विधानसभा चुनाव से पहले इस मीटिंग को लेकर सिसायी गलियारों में तरह-तरह की चर्चा हो रही है।
मुफ्त बिजली की चिराग ने की प्रशंसा
इससे पहले, केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि एक करोड़ 67 लाख परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का निर्णय गरीब एवं मध्यम वर्ग के लिए बड़ी राहत है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की एनडीए सरकार गरीबों के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी ठोस कदम उठा रही है।
चिराग बोले, प्रधानमंत्री जी का हर घर सौर ऊर्जा का सपना और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हर घर रोशन का संकल्प, दोनों मिलकर बिहार को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।
चिराग ने अब कहा- बिहार में अपराधियों का मनोबल आसमान पर
दूसरी ओर, बिहार की विधि-व्यवस्था पर लगातार टिप्पणी कर रहे केंद्रीय मंत्री व लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने गुरुवार को अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि बिहार में अपराधियों का मनोबल आसमान पर है। पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली समझ से परे है।
चिराग ने लिखा कि बिहार में कानून व्यवस्था आज गंभीर चिंता का विषय बन गयी है। प्रतिदिन हत्याएं हो रही है। पटना के रिहायशी इलाके में स्थित पारस अस्पताल के अंदर घुसकर अपराधियों द्वारा सरेआम गोलीबारी की घटना इस बात का प्रमाण है कि अपराधी अब कानून और प्रशासन को सीधी चुनौती दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के ठीक पहले बदले बढ़ते आपराधिक मामले चिंताजनक हैं। उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस और कड़े कदम उठाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।