विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई में छठ पूजा पर घमासान: घाटों पर रहा पुलिस का सख्त पहरा, महाराष्ट्र से बिहार तक गरमाई सियासत

Published: Mon, 16 Nov 2026 03:38 PM (IST)

मुंबई में छठ पूजा को लेकर राजनीतिक घमासान मच गया है, जहां मनसे ने प्रदूषण और 'मराठी अस्मिता' के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया।

मुंबई में छठ पूजा के दौरान लोग बाणगंगा तालाब पर पूजा-पाठ करते व्रती। (फोटो- PTI)

मुंबई में छठ पूजा के दौरान लोग बाणगंगा तालाब पर पूजा-पाठ करते व्रती। (फोटो- PTI)

HighLights

  1. मनसे ने छठ पूजा से प्रदूषण पर जताया कड़ा विरोध।

  2. राज ठाकरे ने भाजपा पर सांस्कृतिक टकराव का आरोप लगाया।

  3. मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए, भीड़ संभाली।

डिजिटल डेस्क, पटना। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ महाराष्ट्र में भी लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम रही, लेकिन इस धार्मिक उत्सव को लेकर राज्य की सियासत गरमा गई है।

एक तरफ जुहू चौपाटी समेत मुंबई के तमाम समुद्र तटों और कृत्रिम तालाबों पर सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है, तो दूसरी तरफ समुद्री प्रदूषण, रेलवे स्टेशनों पर बजने वाले भोजपुरी गानों और 'मराठी अस्मिता' के मुद्दे ने इस पर्व को राजनीतिक विवाद का केंद्र बना दिया है।

संभावित तनाव को देखते हुए मुंबई पुलिस और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के कड़े इंतजाम किए गए।

प्रदूषण और कृत्रिम तालाबों के मुद्दे पर मनसे का कड़ा विरोध

मुंबई के प्रमुख समुद्र तटों पर छठ पूजा के आयोजन को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने मोर्चा खोला। मनसे पदाधिकारियों ने गिरगांव चौपाटी, जुहू से लेकर गोराई बीच और ऐतिहासिक बाणगंगा तालाब में पूजन सामग्री के विसर्जन से फैलने वाले प्रदूषण पर गहरी नाराजगी जताई।

मनसे नेता यशवंत किल्लेदार ने सवाल किया कि जब गणेशोत्सव के विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाबों की व्यवस्था की जाती है, तो छठ पूजा के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों को दूषित करने के बजाय कृत्रिम तालाबों का उपयोग क्यों नहीं किया जाता?

इसी कड़ी में मालाबार हिल विभाग के मनसे अध्यक्ष दिनेश पुंडे ने बाणगंगा और गिरगांव चौपाटी पर विसर्जन रोकने की मांग करते हुए आंदोलन करने की चेतावनी दी थी।

राज ठाकरे के आरोप 

इस सियासी विवाद में मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को घेरा है। उनका आरोप है कि भाजपा आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में राजनीतिक लाभ लेने के लिए मुंबई में मराठी और उत्तर भारतीय समाज के बीच सांस्कृतिक टकराव की स्थिति पैदा कर रही है।

RAJ THAKRE

इसके अलावा, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) जैसे बड़े रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के नाम पर बजाए जा रहे भोजपुरी गीतों पर भी मनसे और शिवसेना (यूबीटी) ने तीखा विरोध दर्ज कराया है।

RAJ THAKRE

राज ठाकरे।

शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने तंज कसते हुए कहा कि स्टेशनों पर ट्रेनों की उद्घोषणा के बजाय भोजपुरी गाने बजाकर यूपी की चुनावी राजनीति को मुंबई में थोपा जा रहा है।

BJP का पलटवार

दूसरी तरफ, भाजपा और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए उन पर 'मराठी बनाम गैर-मराठी' की खाई पैदा करने और हिंदू पर्वों का विरोध करने का आरोप लगाया है।

हालांकि, इस तीखी बयानबाजी के बीच मालाड पूर्व क्षेत्र में मनसे की ही एक नगरसेविका द्वारा छठ पूजा का आयोजन कराए जाने से पार्टी के दोहरे मापदंडों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

प्रशांत किशोर, चिराग और रोहिणी ने भी कसा तंज

राज ठाकरे के एक्स पोस्ट को लेकर सियासत गर्म हो गई है। बिहार में भी उनके एक्स पोस्ट का जमकर विरोध हो रहा है। विधायक प्रशांत किशोर ने राज ठाकरे की राजनीति पर सवाल उठाए और कहा कि उन्हें सुर्खियों में बने रहने की आदत है।

PRASHANT KISHOR (1)

उन्होंने कहा कि जब राज ठाकरे पर कोई ध्यान नहीं देता, तो वे जानबूझकर उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के खिलाफ टिप्पणी करके मीडिया में अपनी जगह बनाने की कोशिश करते हैं।

वहीं, लालू की बेटी रोहिणी आचार्य ने राज ठाकरे की तुलना 'बरसाती मेंढक' से करते हुए कहा कि जिस तरह मानसून आते ही मेंढक बाहर निकल आते हैं, ठीक उसी प्रकार छठ पर्व के नजदीक आते ही राज ठाकरे का बयानबाजी शुरू हो जाती है।

MNS प्रमुख राज ठाकरे के छठ पूजा को लेकर दिए गए बयान पर चिराग पासवान ने भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि त्योहारों को थोपा नहीं जाता, बल्कि मनाया जाता है।

जब लोग पूरे श्रद्धा भाव से एक-दूसरे के त्योहारों से जुड़ते हैं, तो सभी पर्वों का महत्व बढ़ता है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में हर व्यक्ति को अपनी आस्था के अनुसार त्योहार मनाने की आजादी है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सख्त

विरोध प्रदर्शन की चेतावनियों के मद्देनजर मुंबई पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। मालाबार हिल पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 168 के तहत मनसे नेता दिनेश पुंडे को निवारक नोटिस थमाते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत दी।

जुहू चौपाटी पर चाक-चौबंद सुरक्षा

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जुहू चौपाटी और अन्य तटीय क्षेत्रों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई। ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए 15 नवंबर की दोपहर 2 बजे से 16 नवंबर की सुबह 11 बजे तक जुहू बीच के आसपास के मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू किए गए हैं।

MUMBAI CHHATH

अकेले जुहू चौपाटी पर करीब 5 लाख भक्तों के जुटने की संभावना को देखते हुए बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े के निर्देश पर व्यापक तैयारियां की थी।

छठ पर बिछड़े 145 लोग

वहीं, पुलिस उपायुक्त मोहित गर्ग ने बताया कि जुहू में छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। सभी ने अपनी आस्था के अनुसार बहुत अच्छे से त्योहार मनाया। मुंबई पुलिस ने वहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।

उन्होंने कहा कि जब भी इतनी बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होते हैं, तो कुछ लोगों के बिछड़ने या खो जाने की संभावना हमेशा बनी रहती है। कल जुहू बीच पर हुए त्योहार के दौरान, बच्चे और बड़े मिलाकर कुल लगभग 145 लोग बिछड़ गए थे।

हालांकि, उन सभी को उनके परिवारों से वापस मिला दिया गया है। इसे ध्यान में रखते हुए, मुंबई पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर अपनी टीमें तैनात की थीं।

यह भी पढ़ें- 'सुर्खियों में रहने के लिए यूपी-बिहार को निशाना बनाते हैं राज ठाकरे', छठ पूजा विवाद पर भड़के प्रशांत किशोर

यह भी पढ़ें- 'जैसे बरसात में मेढ़क निकलते हैं वैसे ही छठ के टाइम राज ठाकरे', MNS चीफ पर भड़कीं रोहिणी आचार्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।