विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सात समंदर पार छठ ने मिटाई सरहद की दूरी: US में पाक-बांग्लादेशी देते हैं अर्घ्य, जर्मनी में गर्म टब में पूजा

Published: Fri, 13 Nov 2026 09:01 PM (IST)

Chhath Puja 2026: छठ महापर्व अब सात समंदर पार भी आस्था और संस्कृति की डोर से लोगों को जोड़ रहा है।

मोना सूद और तुलिका सिन्हा। (जागरण)

मोना सूद और तुलिका सिन्हा। (जागरण)

HighLights

  1. अमेरिका में पाकिस्तानी, बांग्लादेशी परिवार भी छठ मनाते।

  2. जर्मनी में कड़ाके की ठंड में गर्म पानी में अर्घ्य।

  3. विदेश में छठ अपनी जड़ों से जुड़ने का माध्यम।

सोनाली दुबे, पटना। सरहदें देशों को बांट सकती हैं, भाषाएं लोगों की पहचान अलग कर सकती हैं, लेकिन आस्था की डोर इन सारी सीमाओं को पार कर जाती है।

छठ महापर्व इसका जीवंत उदाहरण बन रहा है। बिहार की मिट्टी से हजारों मील दूर सात समंदर पार भी जब अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए हाथ उठते हैं, तो घाट पर दुनिया एक हो जाती है।

न धर्म की दीवार आड़े आती है, न जाति का बंधन और न देशों के बीच की दूरियां। अमेरिका में पाकिस्तान और बांग्लादेश मूल के परिवार भी छठ की सामूहिक पूजा में शामिल होते हैं।

तमिल, तेलुगु और गुजराती मित्र पूजा की तैयारियों में हाथ बंटाते हैं। जर्मनी की कड़ाके की ठंड में गर्म पानी के बड़े टब में खड़े होकर व्रती सूर्योपासना करते हैं।

कहीं घर के पीछे अस्थायी घाट बनता है, तो कहीं सामुदायिक आयोजन में सैकड़ों लोग एक साथ जुटते हैं। विदेश की धरती पर छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, संस्कृति और सामूहिकता को सहेजने का माध्यम बन गया है।

बेटों को संस्कृति से जोड़ने के लिए शुरू किया छठ

अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित मेटाचेन शहर में रहने वाली प्रभा झा की कहानी इस आस्था के विस्तार की मिसाल है। बंगाल में जन्मी और सहरसा में ससुराल रखने वाली प्रभा ने वर्ष 2020 में छठ करना शुरू किया।

इसके पीछे अपने दो बेटों को भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं से जोड़े रखने का संकल्प था। शुरुआत घर से हुई। पूजा के लिए बर्तन खरीदे, अलग चूल्हे की व्यवस्था की और छठ की परंपरा को अपने परिवार में जीवित किया।

पूजा की तैयारियों में कोई कमी न रहे, इसके लिए सामान की सूची भारत में रह रही अपनी मां से मिलाकर तैयार करती हैं। आज न्यू जर्सी के दो घाटों पर आयोजित होने वाले छठ महापर्व में एक हजार से अधिक लोग हिस्सा लेते हैं।

खास बात यह कि इस आयोजन में बिहार और उत्तर प्रदेश ही नहीं, गुजरात और दक्षिण भारत के परिवार भी शामिल होते हैं। यहां तक कि बांग्लादेश और पाकिस्तान से जुड़े परिवार भी सामूहिक अर्घ्य में सहभागी बनते हैं।

अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और देशों से जुड़े लोगों का एक घाट पर जुटना छठ की व्यापक स्वीकार्यता और सामाजिक समरसता को सामने लाता है।

एक-दो डिग्री तापमान में गर्म पानी के टब में खड़े होकर अर्घ्य

जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में छठ की आस्था मौसम की कठोरता के आगे भी कमजोर नहीं पड़ती। सुबह तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है।

ऐसे में व्रतियों की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में बड़े प्लास्टिक टब में गर्म पानी भरकर अर्घ्य देने की व्यवस्था की जाती है। ठंड से बचाव के इस इंतजाम के बीच छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना देती है।

अंतिमा बताती हैं कि यहां छठ की शुरुआत करीब सात वर्ष पहले मूल रूप से गया की रहने वाली श्वेता घोष ने अपने घर से की थी। धीरे-धीरे दूसरे परिवार भी इस परंपरा से जुड़ते चले गए। तुलिका सिन्हा पिछले पांच वर्षों से छठ कर रही हैं।

Aparna Thakur

अपर्णा ठाकुर।

वह एक अंतरराष्ट्रीय स्कूल में शिक्षिका हैं। वहीं अपर्णा ठाकुर भी पिछले तीन वर्षों से इस परंपरा का निर्वहन कर रही हैं। सीमित संसाधनों और प्रतिकूल मौसम के बावजूद सामूहिक सहयोग से यहां छठ की परंपरा लगातार मजबूत हो रही है।

80 मील का सफर तय कर पहुंचती थीं अर्घ्य देने

अमेरिका के वाशिंगटन डीसी और बाल्टीमोर क्षेत्र में भी छठ की परंपरा लगातार आगे बढ़ रही है। बेतिया की रहने वाली विद्या मिश्रा पिछले 15 वर्षों से अमेरिका में छठ कर रही हैं।

मां को छठ करते देखकर उनके मन में भी इस व्रत के प्रति आस्था जगी थी। अमेरिका पहुंचने के बाद जब उनकी मां वहां गईं, तो उन्होंने अर्घ्य देने वाला अपना चांदी का कटोरा विद्या को सौंप दिया। मां से मिली यह निशानी उनके लिए परंपरा को आगे बढ़ाने का संबल बन गई।

VIDYA MISHRA

विद्या मिश्रा।

शुरुआती दिनों में विद्या अकेले ही बाल्टीमोर से करीब 80 मील का सफर तय कर वर्जीनिया स्थित एल्गोंकियन पार्क पहुंचती थीं। वहां सुबह और शाम सूर्य को अर्घ्य देती थीं। यह सिलसिला आसान नहीं था, लेकिन आस्था ने दूरी को कभी बाधा नहीं बनने दिया।

धीरे-धीरे उनके समर्पण और छठ के प्रति निष्ठा को देखकर दूसरी महिलाएं भी जुड़ती चली गईं। एक महिला की व्यक्तिगत आस्था अब दूसरे परिवारों के लिए भी सामूहिक आयोजन की प्रेरणा बन रही है।

आयरलैंड में पांचवीं बार सामूहिक छठ, सास भी निभा रहीं साथ

आयरलैंड में भी छठ की परंपरा अपनी जगह बना रही है। पंजाब की रहने वाली मोना सूद ने नहाय-खाय के साथ अपना पांचवां छठ व्रत शुरू किया।

MONA

मोना सूद।

इस दौरान बिहार के शेखपुरा की रहने वाली उनकी सास मंजू देवी भी पूजा की तैयारियों में सहयोग कर रही हैं। परिवार के भीतर पीढ़ियों और अलग-अलग क्षेत्रों की सांस्कृतिक परंपराओं का यह मेल छठ को और व्यापक स्वरूप देता है।

बीजेएआई के सहयोग से आयरलैंड में लगातार पांचवें वर्ष सामूहिक छठ का आयोजन किया जा रहा है। इस तरह विदेश में रहने वाले भारतीय परिवार अपनी व्यस्त दिनचर्या और भौगोलिक दूरी के बावजूद इस महापर्व को पूरे विधि-विधान और सामुदायिक सहभागिता के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- छठ पर्व पर अफगानिस्तान के लूचा फल और झारखंड के करौंदा से सजा बाजार, बेर और करौंदा भी बने आकर्षण का केंद्र

यह भी पढ़ें- हाथों से बुनते हैं छठ की टोकरी, जुबां से गाते हैं खुद के लिखे छठ गीत; अनोखा है बिहार के रामचंद्र महोली का हुनर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।