छठ पर्व पर अफगानिस्तान के लूचा फल और झारखंड के करौंदा से सजा बाजार, बेर और करौंदा भी बने आकर्षण का केंद्र
निचलौल के बाजारों में छठ पर्व को लेकर रौनक बढ़ गई है, जहां भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा ...और पढ़ें

अफगानिस्तान का लूचा फल और झारखंड के करौंदा से सजा बाजार।
HighLights
निचलौल बाजार में छठ पर्व की रौनक बढ़ी।
अफगानिस्तान के लूचा और झारखंड के करौंदा की धूम।
लौकी की कीमत 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंची।
जागरण संवाददाता, निचलौल। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पर्व पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने और छठी मइया की पूजा में प्रयोग होने वाले फल और पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर तरह-तरह के देशी और विदेशी फल सजा रखे हैं।
खास बात यह है कि इस बार बाजार में स्थानीय और क्षेत्रीय फलों के साथ देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से आने वाले फल भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। बाजार में मौसमी फलों के साथ बेमौसम आम भी बिक्री के लिए उपलब्ध है।
वहीं अफगानिस्तान से आने वाला लूचा फल, झारखंड का करौंदा, प्रयागराज का अमरूद और झांसी का शरीफा भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इसके अलावा निचलौल और मधवलिया के जंगलों से एकत्र कर लाए गए जंगली बेर और करवन की भी खूब बिक्री हो रही है।

छठ पर्व पर इन फलों की मांग बढ़ने से दुकानदारों ने पहले से ही पर्याप्त मात्रा में फल मंगा रखे हैं। फल विक्रेता अखिलेश कुमार ने बताया कि बाजार में बिकने वाले ज्यादातर फल अलग-अलग राज्यों और देशों से आते हैं। हालांकि इन सभी फलों को गोरखपुर की फल मंडी से खरीदकर लाया गया है।
गोरखपुर मंडी में एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के देशी-विदेशी फल आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि लूचा जैसे फल अफगानिस्तान से आते हैं। छठ पर्व को देखते हुए ग्राहकों की पसंद के अनुसार विभिन्न किस्मों के फल रखे गए हैं।
सब्जियों में लौकी की सबसे अधिक मांग
छठ पर्व पर फल के साथ पूजा में इस्तेमाल होने वाली सब्जियों की मांग भी बढ़ गई है। शुक्रवार को बाजार में लौकी की सबसे अधिक मांग रही। मांग बढ़ने के कारण लौकी की कीमत 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई।
छठ व्रती और उनके स्वजन पूजा की तैयारियों के लिए सुबह से ही बाजार पहुंचकर फल, सब्जियां और पूजन सामग्री की खरीदारी करते नजर आए। बाजार में बढ़ी चहल-पहल से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में अटल आवासीय विद्यालयों के संचालन की बनेगी नई नीति, पीपीपी मॉडल पर होगा अध्ययन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।