Chhath Puja 2026: बिहार में छठ महापर्व की धूम, आज डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती
राजधानी पटना में लोक आस्था का महापर्व छठ की इंद्रधनुषी छटा बिखर चुकी है; आज व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य ...और पढ़ें

सूर्यकुंड में खरना के दिन भगवान भास्कर को अर्घ्य देती व्रती। जागरण
HighLights
आज व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को भक्ति भाव से अर्घ्य देंगे।
खरना अनुष्ठान संपन्न, 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ।
पटना के गंगा घाट और तालाब छठ के लिए पूरी तरह तैयार।
जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी पटना में लोक आस्था का महापर्व छठ की इंद्रधनुषी छठा निखर चुकी है। इसमें कुछ रंग लोक संस्कृति के हैं तो कुछ रंग आस्था, भक्ति, प्रेम, भाईचारे और एकजुटता के भी।
आज शाम गंगा तटों से लेकर नदी-पोखर, घर की छतों पर और विदेशों में समुद्र के किनारे लोग भक्ति भावे से अस्ताचलगामी व सोमवार को उदयगामी सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रत संपन्न करेंगे।
विधि-विधान मना खरना
चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना का अनुष्ठान संपन्न हुआ। छठ व्रतियों ने कार्तिक शुक्ल पंचमी शनिवार को पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र तथा रवियोग में खरना की पूजा करने के बाद प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला अनुष्ठान का संकल्प लिया।
रविवार को छठ व्रती अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे, जबकि सोमवार को छठ व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन होगा। खरना को लेकर सुबह से ही पटना के गंगा तट पर व्रतियों की भीड़ जुटने लगी थी।
दिन चढ़ने के साथ व्रतियों की भीड़ भी बढ़ती चली गई। गंगा के दीघा घाट, कुर्जी घाट, राजापुर पुल, एनआइटी, बांसघाट, दीघा घाट समेत अन्य घाटों पर काफी संख्या में व्रती पहुंचे।
व्रतियों ने गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई और पूजन व खरना प्रसाद बनाने के लिए गंगाजल ले गए। खरना के दिन सुबह स्नान ध्यान कर व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और उनकी पूजा-अर्चना कर दिन भर उपवास रखा।
वहीं, दोपहर बाद भगवान की पूजा के लिए प्रसउद बनाने का कार्य आरंभ किया। लोक गीतों के बीच गुड़ की खीर-रोटी बनाकर फिर पूजा अर्चना कर भगवान को खीर, रोटी का नैवेद्य अर्पित किया।
इसके बाद सबकी मंगलकामना के लिए प्रार्थना कर प्रसाद ग्रहण किया। उसके बाद प्रसाद के रूप में इसका वितरण किया गया। इसके पूर्व घर के सभी सदस्यों और पूजा में शामिल होने आए सभी लोगों को सिंदूर का टीका लगाया गया।
आस्था की रोशनी से सज गए तालाब
छठ महापर्व को लेकर राजधानी पटना के विभिन्न तालाबों और घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सफाई, बेरिकेडिंग और घाट निर्माण का कार्य पूरा कर लिया है। विभिन्न घाट आस्था की रोशनी से सजे नजर आए।
अर्घ्य के लिए फलों की हुई खरीदारी
राजधानी का फल बाजार छठ के लिए शनिवार को देर रात तक गुलजार रहा। थोक से लेकर खुदरा बाजार में फलों की लोगों ने जमकर खरीदारी की। कई व्रतियों ने गन्ना, नारियल, केला, अमरूद, सेब, शरीफा, नाशपाती, अनानास, अनार आदि फलों की खरीदारी की।
बोरिंग राेड चौराहा, कदमकुआं, राजा बाजार, कंकड़बाग, बस स्टैंड, सब्जीबाग, चिरैयाटांड, चितकोहरा, मीठापुर, शास्त्री नगर, मुसल्लहपुर हाट, कुम्हारा, अंटा घाट आदि इलाकों में अस्थायी फल दुकानें देर रात तक सजी रहीं। हालांकि रविवार को भी दोपहर तक बाजार में चहल-पहल रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।