विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Chhath Puja 2026: एक क्लिक पर जानें छठ घाटों से जुड़ी पूरी जानकारी, बिना इंटरनेट काम करेगा ये एप

Published: Sat, 14 Nov 2026 11:32 PM (GMT+05:30)

पटना जिला प्रशासन ने छठ घाटों की डिजिटल मैपिंग की है, जिससे श्रद्धालु मोबाइल ऐप के जरिए सुरक्षित घाटों, सुविधाओं और रास्ते की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. पटना प्रशासन ने छठ घाटों की डिजिटल मैपिंग की।

  2. मोबाइल ऐप से सुरक्षित घाटों, सुविधाओं की जानकारी मिलेगी।

  3. ऐप खतरनाक घाटों पर जाने से रोकेगा, ऑफलाइन भी चलेगा।

जागरण संवाददाता, पटना। छठ व्रत करने जा रहे हैं और घर के पास के घाट पर जाने की तैयारी है तो एक बार मोबाइल पर उसकी स्थिति जरूर देख लें। जिस घाट को आप वर्षों से अर्घ्य देने के लिए इस्तेमाल करते रहे हैं, वह इस बार खतरनाक या अनुपयुक्त घोषित हो सकता है।

ऐसे में श्रद्धालुओं को परेशानी से बचाने व दुर्घटना की आशंका कम करने के लिए जिला प्रशासन ने छठ घाटों की डिजिटल मैपिंग की है। मोबाइल पर उपलब्ध इस डिजिटल मैप से श्रद्धालु न केवल नजदीकी घाटों की स्थिति, वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ले सकेंगे, बल्कि सुरक्षित घाट तक पहुंचने का रास्ता भी देख सकेंगे।

यदि आप खतरनाक घाट पर जाने की कोशिश करेंगे तो एप वहां जाने से रोकने के साथ नजदीकी तैयार घाट का विकल्प भी सुझाएगा। बताते चलें कि जिले में कुल 103 घाट हैं। इनमें 90 घाटों को छठ के लिए तैयार किया गया है, छह खतरनाक और सात अनुपयुक्त घोषित किए गए हैं।

ऐसे में श्रद्धालु इस एप से न केवल अपनी जरूरत के अनुसार सुविधा देख निकटतम घाट का पता कर सकेंगे बल्कि यह भी जान सकेंगे कि उनका घाट किस सेक्टर में हैं, वहां कौन सी सुविधाएं हैं, किस सुविधा तक पहुंचने की दूरी कितनी होगी।

इससे बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों के साथ जाने वाले परिवारों को विशेष सुविधा होगी। श्रद्धालुओं के लिए 607 शौचालय, 560 यूरिनल और 453 चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त पेयजल, हेल्प डेस्क और प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों की जानकारी भी मैप पर उपलब्ध है।

इंटरनेट नहीं होने पर भी करेगा काम

इस एप की खासियत यह भी है कि मोबाइल में एप इंस्टाल करने के बाद इसका इस्तेमाल बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी किया जा सकेगा।

श्रद्धालु इसे अपने मोबाइल में डाउनलोड कर परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और व्रतियों के साथ साझा कर सकते हैं। घाटों की जानकारी के लिए बार-बार इंटरनेट पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी।

नाव, गोताखोर व आपदा टीमें भी रहेंगी तैनात

छठ के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वीडियो में 321 नावों, 432 गोताखोरों, एनडीआरएफ की नौ और एसडीआरएफ की आठ टीमों को लगाया गया है।

साथ ही श्रद्धालुओं की सहायता के लिए जिला हेल्पलाइन, पुलिस हेल्पलाइन और आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी भी डिजिटल व्यवस्था में उपलब्ध है।

ऐसे मोबाइल पर इंस्टाल करें छठ एप

-मोबाइल में chhathpujapatna.com वेबसाइट खोलें।

-पहली स्क्रीन पर 'नक्शे पर जाएं' विकल्प दबाएं।

-ऊपर दाईं ओर मेन्यू खोलकर एप इंस्टाल करें पर क्लिक करें।

-इंस्टालेशन पूरा होने के बाद मोबाइल की होम स्क्रीन पर एप उपलब्ध होगा।

एक बार इंस्टाल होने के बाद एप बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी खुलेगा, ताकि घाट में इंटरनेट कनेक्शन नहीं होने पर भी परेशानी नहीं हो।

गूगल मैप के भरोसे नहीं चुनें रास्ते

-बाढ़ के कारण रास्ते बदल गए है, इसलिए बैरिकेडिंग की जानकारी गूगल मैप पर नहीं है।

-घाट तक पहुंचने के लिए प्रशासन के संकेत बोर्ड देखें।

-पुलिसकर्मियों के निर्देश का पालन करें।

-बैरिकेडिंग पार कर नदी की ओर नहीं जाएं।

-डिजिटल नक्शे में दिख रहे रास्ते को अंतिम निर्देश नहीं मानें।

-घाट पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों से जानकारी लें।

घाट पर इन सुविधाओं की एप पर जानकारी लें 

- घाट पर नजदीकी शौचालय

-यूरिनल स्थान की जानकारी

-महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम

-पेयजल पानी की उपलब्धता

-पार्किंग पार्किंग स्थल और रास्ता

-प्राथमिक उपचार मेडिकल सहायता केंद्र

-सहायता हेल्प डेस्क

नगर निगम के चैटबाट व वेबसाइट से भी मिलेगी जानकारी

जिला प्रशासन की वेबसाइट chhathpujapatna.com पर भी छठ से संबंधित जानकारी उपलब्ध है। इसके अलावा पटना नगर निगम ने नजदीकी घाट खोजने के लिए वाट्सएप चैटबाट की सुविधा शुरू की है।

इसके लिए नजदीकी छठ घाट खोजने के लिए 9264447449 पर हाई लेकर भेजें। अपनी भाषा चुन कार्तिक छठ के नजदीकी घाट का विकल्प चुनें। अपनी लाइव लोकेशन साझा करते ही घाटों की जानकारी मिलेगी।

यह भी पढ़ें- छठ पूजा पर गुरुग्राम के 73 घाटों पर तीन हजार जवानों की तैनाती, महिला पुलिसकर्मियों को भी मिली सुरक्षा की जिम्मेदारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।