विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ महापर्व ने बाजार को दिया बूस्टर डोज, बिहार में ₹16000 करोड़ का हुआ कारोबार; सबसे अधिक यात्रा में खर्च

Published: Wed, 18 Nov 2026 06:30 AM (GMT+05:30)

छठ महापर्व बिहार की अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा आर्थिक बूस्टर साबित हुआ है, जिसमें राज्य में 16,000 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।

छठ पूजा करती महिलाएं। फोटो जागरण

छठ पूजा करती महिलाएं। फोटो जागरण

HighLights

  1. बिहार में छठ पर 16,000 करोड़ रुपये का कारोबार अनुमानित।

  2. पटना के बाजारों में 600 करोड़ का व्यापार दर्ज किया गया।

  3. यात्रा और परिवहन पर सर्वाधिक खर्च, लाखों लोग आवागमन करते हैं।

जयशंकर बिहारी, पटना। छठ महापर्व न केवल आस्था का उत्सव है, बल्कि यह अर्थव्यवस्था और स्थानीय बाजारों के लिए भी बड़ा आर्थिक बूस्टर साबित हो रहा है।

कारोबारियों के राष्ट्रीय संगठन कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने सर्वेक्षण के आधार पर बताया है कि छठ पूजा में राज्य में 16 हजार करोड़ रुपये के कारोबार होने का अनुमान है।

बिहार चैप्टर के अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि सिर्फ पटना के बाजारों में कपड़ा, फल, पूजन सामग्री, पीतल बर्तन आदि का कारोबार 600 करोड़ के आसपास रहा है।

पूजन सामग्री सूप, दऊरा, मिट्टी के चूल्हे, गुड़, नारियल आदि का हिस्सा 200 से 250 करोड़ के बीच रहा है। पारंपरिक हस्तशिल्प बांस के सूप, दऊरा (टोकरी), मिट्टी के चूल्हे और दीयों की भारी मांग रहती है।

सेब, केला, नारियल, ईंख, डाभ नींबू, सुथनी, हल्दी और अदरक की बड़े पैमाने पर बिक्री हुई है। साड़ी व धोती के साथ अन्य वस्त्रों की भी काफी खरीदारी होती है।

कपड़ों पर औसत 6 हजार रुपये का खर्च

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, पूजन सामग्री, फल और कपड़े पर औसत खर्च छह हजार रुपये के आसपास होता है। बिहार में दो करोड़ घरों में छठ होने का अनुमान है।

हर दूसरे घर में छठ का आयोजन होता है। कैट के अनुसार छठ में खर्च वाले क्षेत्र हर वर्ष बढ़ रहे हैं। पारंपरिक आयोजन के साथ-साथ कपड़े, बर्तन और सोना-चांदी में खर्च का दायरा साल-दर-साल बढ़ता जा रहा है।

मध्यमवर्गीय परिवार में छठ पर औसतन 10 हजार रुपये खर्च होता है। वहीं, संपन्न परिवार में यह आंकड़ा 50 हजार से ऊपर होता है।

टूर एंड ट्रेवल सभी पर पड़ रहा भारी

पटना विश्वविद्यालय के फैकल्टी आफ कामर्स डीन प्रो. एनके झा का कहना है कि छठ महापर्व में सबसे अधिक खर्च का क्षेत्र आवागमन का हो गया है।

छठ में डेढ़ से दो करोड़ लोग आवागमन करते हैं। इसमें दूसरे प्रदेशों से आने वालों की संख्या 20 से 25 लाख के आसपास बताई जाती है। ट्रेन, बस और हवाई जहाज से आने वालों की संख्या 35 से 40 प्रतिशत के आसपास रहती है, शेष निजी वाहन या टूर एंड ट्रेवल के माध्यम से आते हैं।

इनका कारोबार छठ पर उपयोग होने वाली सामग्रियों की तुलना में कई गुना अधिक है। इस क्षेत्र को छठ के खर्च में शामिल कर लेंगे तो आंकड़ा बहुत बड़ा हो जाएगा।

दिल्ली से ट्रेन से चार सदस्यों के एक परिवार को अपने गांव-घर पहुंचने में औसतन 12 हजार रुपये का खर्च आता है।

80 हजार से अधिक दूसरे राज्यों की गाड़ियां पहुंची

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार राज्य में धनतेरस से छठ तक 80 हजार से अधिक दूसरे प्रदेशों के नंबर प्लेट वाली गाड़ियां सीमावर्ती टोल से क्रास की हैं।

उक्त गाड़ियां टोल से सामान्य तौर पर क्रास नहीं करती हैं। इसमें सबसे अधिक दिल्ली, हरियाणा, गुजरात और उत्तरप्रदेश के नंबर वाले वाहन हैं।

प्रो. एनके झा का कहना है कि दीपावली व छठ में राज्य के किसी भी स्टेशन के लिए ट्रेन में टिकट मिलना सहज नहीं होता है। हवाई जहाज का किराया तो दुबई, लंदन से अधिक हो जाता है।

ऐसी स्थिति में अपनी कार या टूर एंड ट्रेवल का ही विकल्प बचता है। जयपुर से अपनी कार से पहुंचे मुकुल कुमार ने बताया कि मां छठ करती हैं।

ट्रेन में टिकट नहीं मिलने पर नहीं आने का निर्णय लिया था। मन नहीं माना तो नहाय-खाय को खुद गाड़ी ड्राइव कर चल दिया। एक रात लखनऊ में विश्राम के बाद खरना के दिन पटना पहुंचा।

बनारस, रांची, बागडोगरा व देवघर एयरपोर्ट बने सहारा

दीपावली से छठ के बीच मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु सहित देश के प्रमुख एयरपोर्ट से राज्य के पटना और दरभंगा की टिकट सामान्य दिनों से पांच से छह गुना अधिक कीमत रही। सामान्य दिनों में पांच से आठ हजार रुपये का किराया 30 से 40 हजार हो गया।

टूर एंड ट्रेवल एजेंसी के संचालक विजय प्रकाश ने बताया कि पटना और दरभंगा एयरपोर्ट के लिए हर दिन 50 से अधिक उड़ानें थीं।

टिकट की मांग अधिक होने के कारण शाहाबाद जिलों के लोग बनारस, सीमांचल वाले बागडोगरा, भागलपुर, बांका व जमुई जिले के लोग देवघर-रांची एयरपोर्ट को भी विकल्प बनाया।

बेंगलुरु से पटना आए दीपक शर्मा ने बताया कि नहाय खाय के दिन पटना का टिकट 40 हजार रुपये में मिल रहा था।

वहीं, बनारस का 13 हजार रुपये में मिल गया। ट्रेवल एजेंसी के माध्यम से आठ हजार रुपये में बनारस से पटना का कैब मिल गया।

यह भी पढ़ें- अब विदेशों तक पहुंचेगा छठ का प्रसाद, छपरा जंक्शन पर 185 रुपये से बुकिंग शुरू  

यह भी पढ़ें- पटना में छठ घाटों पर आतिशबाजी और सिलिंडर फटने से हादसा, 22 घायल अस्पताल में भर्ती; 25 को उमस ने किया बीमार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।