नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा लोक आस्था का महापर्व छठ, कद्दू-भात खाकर व्रत का संकल्प लेंगे व्रती
लोक आस्था का महापर्व छठ नहाय-खाय के साथ आज से शुरू हो रहा है, जिसमें व्रती गंगा स्नान कर कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण करेंगे।

नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व आज से शुरू, कल होगा खरना (PTI FIle Image)
HighLights
आज नहाय-खाय से छठ महापर्व का आरंभ।
कल खरना के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत।
सूर्य और षष्ठी माता की उपासना का महापर्व।
जागरण संवाददाता, पटना। कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए... लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ आरंभ हो जाएगा। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन अनुष्ठान में शारीरिक शुद्धि से लेकर आत्मिक साधना तक की परंपरा जुड़ी है।
पहले दिन व्रती गंगा सहित पवित्र जलाशयों में स्नान कर भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे और कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेंगे। वहीं, शनिवार को व्रती खरना का प्रसाद शाम में ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला व्रत का अनुष्ठान लेंगे।
रविवार 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगे। जबकि, सोमवार 16 नवंबर को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।
सूर्योपासना से जुड़ी है आरोग्य और समृद्धि की कामना
छठ मुख्य रूप से प्रत्यक्ष देवता भगवान सूर्य की उपासना का पर्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया सूर्यदेव की मानस बहन हैं। इस पर्व में सूर्य और षष्ठी माता की आराधना कर परिवार की सुख-शांति, आरोग्य, समृद्धि, सौभाग्य और संतान सुख की कामना की जाती है।
मान्यता है कि गंगा स्नान और सूर्य को अर्घ्य देने से तन-मन की शुद्धि होती है। पंडित गजाधर झा के अनुसार, छठ शरीर, मन और आत्मा की शुद्धि का महापर्व है।
नहाय-खाय से लेकर पारण तक श्रद्धा और नियमपूर्वक अनुष्ठान करने वाले व्रतियों पर षष्ठी माता की कृपा बनी रहती है। सूर्य की उपासना को आरोग्य और ऊर्जा से भी जोड़ा गया है।
कद्दू-भात से शुरू होगा शुद्धता और सात्विकता का अनुष्ठान
छठ के पहले दिन नहाय-खाय में व्रती सुबह गंगा नदी, तालाब, पोखर या अन्य जलाशयों में स्नान करेंगी। गंगा स्नान संभव नहीं होने पर घर में स्नान के जल में गंगाजल मिलाने की परंपरा है। इसके बाद भगवान भास्कर को जल अर्पित कर चार दिवसीय अनुष्ठान निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की जाएगी।
घरों में पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का प्रसाद तैयार होगा। इसके साथ आंवले की चासनी और पकौड़ी भी बनाई जाएगी। छठ के प्रसाद की तैयारी भी नहाय-खाय से ही शुरू हो जाती है। व्रत के लिए गेहूं को गंगाजल से धोकर स्वच्छ स्थान पर सुखाया जाता है।
इस दौरान उसकी पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। गेहूं को पक्षियों और कीड़ों के स्पर्श से बचाने के लिए व्रती और परिवार के सदस्य पारंपरिक छठ गीत गाते हुए उसकी रखवाली करते हैं। यह परंपरा छठ की सामूहिकता, अनुशासन और लोक संस्कृति की जीवंत तस्वीर पेश करती है।
कद्दू, चना और आंवले के प्रसाद का विशेष महत्व
नहाय-खाय में लौकी यानी कद्दू की सब्जी, अरवा चावल और चने की दाल के सेवन का विशेष महत्व है। आंवले की चासनी भी पारंपरिक भोजन का हिस्सा होती है।
धार्मिक मान्यताओं में इन सात्विक खाद्य पदार्थों को शुद्धता, आरोग्य और संतान सुख की कामना से जोड़ा जाता है।
इस तरह छठ का पहला दिन केवल भोजन ग्रहण करने की परंपरा नहीं, बल्कि संयम, स्वच्छता और नियमबद्ध जीवन की शुरुआत का प्रतीक है।
एक नजर में छठ महापर्व
| अनुष्ठान | तिथि |
|---|---|
| नहाय-खाय | शुक्रवार, 13 नवंबर |
| खरना | शनिवार, 14 नवंबर |
| संध्या अर्घ्य | रविवार, 15 नवंबर |
| उषा अर्घ्य | सोमवार, 16 नवंबर |
यह भी पढ़ें- नहाय-खाय के दिन पकौड़ा बनाने की है परंपरा, भगवान सूर्य को भी चढ़ाया जाता है यह मौसमी फूल
यह भी पढ़ें- छठ की आस्था में घुलेगी परबत्ता के केलों की मिठास, पटना से दिल्ली तक डिमांड
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।