नीतीश कुमार के सचिव रहे चंचल कुमार को नई जिम्मेदारी, शिशिर सिन्हा को भी नया जिम्मा
Bihar News बिहार कैडर के दो वरिष्ठ आइएएस अधिकारियों की जिम्मेदारी में बड़ा बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी रहे चंचल कुमार के साथ ही शिशिर कुमार भी इस सूची में शामिल हैं। यहां जानिए पूरा मामला...
पटना, राज्य ब्यूरो। 16 वर्षों से मुख्यमंत्री के सचिव व प्रधान सचिव के रूप में काम करने वाले भारतीय प्रशासनिक सेवा के 92 बैच के अधिकारी चंचल कुमार के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने को लेकर मंगलवार को अधिसूचना जारी हो गयी। उन्हें नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। यह संगठन सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधीन है। उनका पद एडिशनल सेक्रेट्री का होगा। उनका नाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी अधिकारियों के तौर पर लिया जाता रहा है।
पिछले कुछ महीनों से चल रही थी चर्चा
चंचल कुमार के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की चर्चा पिछले कुछ महीने से चल रही थी। ऐसी सूचना है कि जल्द ही सामान्य प्रशासन विभाग उन्हें विरमित किए जाने की अधिसूचना जारी करेगा। उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद केवल दीपक कुमार ही मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव रह जाएंगे। इसलिए यह माना जा रहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के किसी वरिष्ठ अधिकारी को मुख्यमंत्री का प्रधान सचिव बनाया जाएगा।
- नीतीश कुमार के करीबी रहे चंचल कुमार केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर
- सड़कों से जुड़े एनएचआइडीसीएल के प्रबंध निदेशक बने
- 16 वर्षों से लगातार रहे मुख्यमंत्री के सचिव व प्रधान सचिव
चंचल कुमार के अतिरिक्त शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार के भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की चर्चा है। वैसे अभी तक केंद्र ने इस संबंध में कोई अधिसूचना जारी नहीं की है। कुछ माह पहले पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए थे।
शिशिर सिन्हा राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण प्रतिष्ठान के शासी निकाय सदस्य बने
बिहार विद्युत विनियामक आयोग के अध्यक्ष शिशिर सिन्हा को केंद्र सरकार के संस्थान राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण प्रतिष्ठान शासी निकाय का सदस्य बनाया गया है। ऊर्जा मंत्रालय के अधीन यह शीर्ष संस्था है। यह ऊर्जा विकास के क्षेत्र में काम करती है। शिशिर सिन्हा का कार्यकाल अगले तीन वर्षों के लिए होगा।