विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CBSE Exam 2026: 7 दिसंबर से शुरू होंगी CBSE की प्री-बोर्ड परीक्षाएं, को-ऑर्डिनेटर ने बताया कैसे करें तैयारी?

Published: Sat, 07 Nov 2026 11:36 PM (IST)

पटना में सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं 7 दिसंबर से शुरू होंगी, जबकि मुख्य बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2026 से होंगी।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. पटना में 7 दिसंबर से शुरू होंगी प्री-बोर्ड परीक्षाएं।

  2. 10वीं की परीक्षा 7-15 दिसंबर, 12वीं की 10-23 दिसंबर।

  3. सैंपल पेपर हल करें, एनसीईआरटी पढ़ें, सोशल मीडिया से बचें।

जागरण संवाददाता, पटना। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। इससे पहले पटना में सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की प्री-बोर्ड परीक्षा सात दिसंबर से शुरू होगी।

कक्षा 10वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा सात से 15 दिसंबर तक, जबकि 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा 10 से 23 दिसंबर के बीच आयोजित की जाएगी। हालांकि निजी स्कूल अलग-अलग तिथियों पर प्री-बोर्ड परीक्षा आयोजित करते हैं।

परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा। 10वीं का पहला पेपर साइंस का होगा, जबकि 12वीं में गणित और भूगोल की परीक्षा से प्री-बोर्ड की शुरुआत होगी। जिन विषयों की परीक्षा तिथि जारी नहीं की गई है, उनकी परीक्षा स्कूल अपने स्तर पर आयोजित करेंगे।

सैंपल पेपर हल कर परखें अपनी तैयारी

बोर्ड परीक्षा की तैयारी को बेहतर बनाने के लिए विद्यार्थियों को सिलेबस और परीक्षा पैटर्न के अनुरूप अपनी तैयारी का आकलन करना चाहिए।

सीबीएसई के सिटी को-ऑर्डिनेटर एसी झा ने बताया कि बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल जारी होने के बाद विद्यार्थियों को अब अपनी तैयारी पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

इसके लिए सीबीएसई की ओर से जारी सैंपल पेपर को अधिक से अधिक हल करें और अपनी कमियों को पहचान कर उन्हें दूर करें।

उन्होंने विद्यार्थियों को एनसीईआरटी की पुस्तकों का गहन अध्ययन करने की सलाह दी। प्रत्येक चैप्टर को अच्छी तरह पढ़ने के साथ नियमित रूप से उसका रिवीजन भी जरूरी है।

लगातार पढ़ाई के बजाय हर 50 मिनट के अध्ययन के बाद 10 मिनट का ब्रेक लें, ताकि एकाग्रता बनी रहे। उत्तर लिखते समय विद्यार्थी प्वाइंट वाइज प्रस्तुति दें और जरूरत के अनुसार सब-हेडिंग का इस्तेमाल करें। जहां आवश्यक हो, वहां डायग्राम, फ्लोचार्ट और मैप बनाकर उत्तर को अधिक प्रभावी बनाएं।

पर्याप्त नींद लें, सोशल मीडिया से बनाएं दूरी

एसी झा ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी सेहत का भी ध्यान रखने की सलाह दी। परीक्षा की तैयारी के दौरान छह से सात घंटे की नींद लेना जरूरी है। पर्याप्त आराम से मानसिक एकाग्रता और पढ़ाई की क्षमता बेहतर बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी मोबाइल फोन, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म का इस्तेमाल केवल पढ़ाई से संबंधित सामग्री समझने के लिए ही करें। अनावश्यक सोशल मीडिया के इस्तेमाल से बचें और परीक्षा तक अपना पूरा ध्यान तैयारी, रिवीजन और अभ्यास पर केंद्रित रखें।

यह भी पढ़ें- बिहार में ग्रेजुएशन के लिए 6 हफ्ते की इंटर्नशिप जरूरी, राज्यपाल ने कुलपतियों को जारी किए निर्देश

यह भी पढ़ें- बिहार STET Exam में बदलाव: 11 नवंबर की परीक्षा अब 22 को, 12 से डाउनलोड करें नया एडमिट कार्ड; लाइब्रेरियन परीक्षा भी टली

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।