CBSE 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 में बदलेगा वैल्यूएशन का तरीका, विज्ञान-गणित में बदलेंगे सवाल
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में मूल्यांकन का तरीका बदलने की तैयारी में है।

CBSE 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा में बदलेगा वैल्यूएशन का तरीका, विज्ञान-गणित में बदलेंगे सवाल (AI Generated Image)
HighLights
मूल्यांकन में रटने के बजाय समझ और व्यावहारिक ज्ञान पर जोर।
नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप परीक्षा प्रणाली में बदलाव की तैयारी।
तत्काल कोई बदलाव नहीं, आगामी परीक्षा पुराने पैटर्न पर ही होगी।
जागरण संवाददाता, पटना। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में आने वाले समय में मूल्यांकन (वैल्यूएशन) का तरीका बदल सकता है।
नई शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के अनुरूप बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों की केवल याद करने की क्षमता के बजाय विषयों की समझ, तार्किक सोच और व्यावहारिक ज्ञान को परखने पर जोर देने की तैयारी है।
प्रस्तावित व्यवस्था में ऐसे प्रश्नों को अधिक महत्व मिल सकता है, जिनके उत्तर देने के लिए विद्यार्थियों को विषयों की गहरी समझ और सीखी गई बातों का वास्तविक परिस्थितियों में इस्तेमाल करना आना जरूरी होगा।
हालांकि, सीबीएसई ने अपने हालिया सर्कुलर में परीक्षा के मौजूदा प्रश्नपत्र पैटर्न में तत्काल किसी बदलाव की घोषणा नहीं की है।
2027 में पुराने पैटर्न पर ही परीक्षा होगी। सीबीएसई के अनुसार, बोर्ड की मूल्यांकन व्यवस्था को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों के अनुरूप तैयार करने पर विचार किया जा रहा है।
17-18 दिसंबर को जम्मू में होगा राष्ट्रीय सम्मेलन
सीबीएसई की प्रस्तावित मूल्यांकन नीति पर देशभर के स्कूलों के प्राचार्यों और शिक्षा विशेषज्ञों के साथ चर्चा की जाएगी। इसके लिए 17 और 18 दिसंबर को जम्मू में बोर्ड का 32वां राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। इस वर्ष सम्मेलन की थीम 'असेसमेंट : ग्लोबली ओरिएंटेड, फ्यूचर रेडी लर्नर्स' रखी गई है।
सम्मेलन में परंपरागत अंक आधारित मूल्यांकन व्यवस्था से आगे बढ़कर विद्यार्थियों की वास्तविक सीखने की क्षमता, नवाचार और व्यावहारिक समझ को परखने के तरीकों पर विचार किया जाएगा। शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन के लिए उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन से संबंधित मौजूदा दिशा-निर्देशों की भी समीक्षा होगी।
विज्ञान और गणित में पूछे जा सकते हैं व्यावहारिक सवाल
सीबीएसई के सिटी को-ऑर्डिनेटर एसी झा के अनुसार सीबीएसई दक्षता आधारित मूल्यांकन (कंपिटेंसी बेस्ड असेसमेंट) का दायरा बढ़ाता है तो विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी की रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है।
विज्ञान में केवल किसी सिद्धांत की परिभाषा लिखने के बजाय यह पूछा जा सकता है कि संबंधित सिद्धांत रोजमर्रा की जिंदगी में किस तरह काम करता है।
इसी तरह गणित में केवल सूत्र याद रखने के बजाय उनका इस्तेमाल कर समस्याओं को हल करने की क्षमता पर अधिक ध्यान दिया जा सकता है। इस व्यवस्था में विद्यार्थियों की स्वतंत्र रूप से सोचने, तथ्यों का विश्लेषण करने और अलग-अलग अवधारणाओं के बीच संबंध समझने की क्षमता भी महत्वपूर्ण होगी।
छात्रों को अभी से बदलनी होगी पढ़ाई की आदत
प्रस्तावित बदलाव को देखते हुए विद्यार्थियों को केवल प्रश्न-उत्तर याद करने के बजाय विषयों की बुनियादी अवधारणाओं को समझने पर ध्यान देना चाहिए। इसके लिए नियमित रूप से एप्लीकेशन बेस्ड और विश्लेषणात्मक प्रश्नों का अभ्यास करना उपयोगी होगा।
विद्यार्थियों को किसी भी टापिक को अपने शब्दों में समझाने, उदाहरणों के माध्यम से उत्तर देने और वास्तविक जीवन की परिस्थितियों से जोड़कर पढ़ने की आदत विकसित करनी चाहिए। इससे अवधारणाओं की स्पष्टता के साथ तार्किक क्षमता भी बेहतर होगी।
अभी पुराने पैटर्न से ही होगी बोर्ड परीक्षा
सीबीएसई ने अभी तक नए मूल्यांकन पैटर्न को लागू करने की कोई निश्चित तिथि घोषित नहीं की है। न ही आगामी बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों में तत्काल बदलाव की आधिकारिक घोषणा की गई है।
ऐसे में 10वीं और 12वीं की आगामी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को फिलहाल निर्धारित पाठ्यक्रम और मौजूदा परीक्षा पैटर्न के अनुसार ही तैयारी करनी चाहिए। बोर्ड की ओर से नई गाइडलाइन जारी होने के बाद ही परीक्षा के स्वरूप में बदलाव की स्थिति स्पष्ट होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।