CBSE Board Exam 2027: 1 से 13 फरवरी तक होंगे 10वीं और 12वीं के प्रैक्टिकल एग्जाम, दिसंबर में कराए जाएंगे प्री-बोर्ड
सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है। बोर्ड की ओर से बताया गया कि 1 से 13 फरवरी तक प्रैक्टिकल परीक्षा आयोजित होंगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
10वीं और 12वीं की प्रायोगिक परीक्षा 1 से 13 फरवरी तक।
प्रायोगिक और आंतरिक मूल्यांकन के अंक ऑनलाइन अपलोड होंगे।
स्कूलों को निर्धारित अवधि में परीक्षाएं पूरी करने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ओर से वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा से पहले प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी गई है। 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं एक से 13 फरवरी तक होंगी।
इस दौरान विद्यार्थियों की प्रैक्टिकल क्षमता के साथ ही उनके इंटरनल असेसमेंट के अंक भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत तैयार किए जाएंगे। स्कूलों को प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट के अंक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने होंगे।
दिसंबर में कराई जाएगी प्री बोर्ड परीक्षा
परीक्षा की डेट जारी होने के बाद से ही स्कूल सिलेबस पूरा कराने में जुट गए हैं। दिसंबर में प्री बोर्ड परीक्षाएं भी कराई जाएंगी। सीबीएसई की जिला समन्वयक नीलम सिंह ने बताया कि बोर्ड की ओर से स्कूलों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित अवधि में सभी प्रैक्टिकल परीक्षाएं और इंटरनल असेसमेंट की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए।
इसके लिए स्कूलों को विषयवार तैयारी करनी होगी। प्रैक्टिकल परीक्षा में विद्यार्थियों की उपस्थिति, प्रयोगात्मक कार्य, रिकार्ड फाइल और विषय की समझ का मूल्यांकन किया जाएगा।
पूरे साल के आधार पर होगा इंटरनल असेसमेंट
वहीं, इंटरनल असेसमेंट में पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान विद्यार्थियों के प्रदर्शन को आधार बनाया जाएगा।प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए स्कूलों में लैब की व्यवस्था, उपकरणों की उपलब्धता और विद्यार्थियों की सूची तैयार करनी होगी।
उन्होंने बताया कि जिन विषयों में बाहरी परीक्षक लगाए जाएंगे, वहां बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा कराई जाएगी। प्रैक्टिकल परीक्षा की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बोर्ड की लिखित परीक्षाओं पर स्कूलों का फोकस बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें- 'विदेश यात्रा व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार', UAPA मामलों की आरोपी को दिल्ली HC ने दी ब्रिटेन जाने की सर्शत इजाजत